Bihar News : एक महीने में जय श्रीराम बोलना भूल जाएंगे लोग...’गया में आयोजित कार्यक्रम में बोले RJD सांसद सुरेंद्र यादव, केंद्र पर साधा निशाना

Bihar News : सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने देश की आर्थिक स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कहा की एक महीने युद्ध चला तो लोग जय श्रीराम कहना भूल जायेंगे......पढ़िए आगे

Bihar News : एक महीने में जय श्रीराम बोलना भूल जाएंगे लोग...
राजद सांसद के विवादित बयान - फोटो : MANOJ

GAYAJI : बिहार के गया शहर स्थित 'द को-ऑपरेटिव बैंक' परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पूर्व विधायक विनय यादव के पिता एवं द को-ऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय उमेश कुमार वर्मा की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित हुआ था। इस खास मौके पर बैंक प्रांगण में स्वर्गीय वर्मा की स्मृति में उनकी एक भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जहानाबाद के सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव शामिल हुए, जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण कर स्वर्गीय उमेश कुमार वर्मा को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सांसद सुरेंद्र यादव का केंद्र पर तीखा हमला: 'सहकारिता व्यवस्था को नहीं मिल रही पर्याप्त मदद'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने देश की वर्तमान राजनीतिक और आर्थिक परिस्थितियों पर अपनी बात रखी। उन्होंने सहकारिता व्यवस्था और देश की आर्थिक स्थिति को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। सांसद ने कहा कि वर्तमान समय में देश के भीतर महंगाई और आर्थिक संकट की स्थिति बेहद गंभीर मोड़ पर पहुँच चुकी है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली को-ऑपरेटिव (सहकारिता) व्यवस्था को सरकार की तरफ से पर्याप्त सहायता और संरक्षण नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण आने वाले समय में हालात और अधिक चिंताजनक हो सकते हैं।

विवादित बयान: "अमेरिका में लड़ाई हुई तो एक महीने में लोग 'जय श्रीराम' बोलना भूल जाएंगे"

अपने संबोधन के दौरान जहानाबाद सांसद ने एक बेहद अतरंगी और विवादित बयान भी दे डाला। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा, "अगर अमेरिका में लड़ाई हो गई तो ज्यादा दिन नहीं, महज एक महीने में ही लोग यहाँ ‘जय श्रीराम’ बोलना भूल जाएंगे।" उन्होंने आगे कहा कि जब ऐसा संकट आएगा, तब लोगों को उन लोगों की भी याद आने लगेगी जिनका स्वर्गवास हो चुका है। सांसद के इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोग हैरान रह गए और अब राजनीतिक गलियारों में इस बयान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

देश की आर्थिक स्थिति को बताया 'कैंसर', बड़े नेताओं की लाचारी का किया दावा

संसद के अनुभवों को साझा करते हुए सुरेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि वे दिल्ली में संसद के भीतर बैठकर देश की वास्तविक और भयावह आर्थिक स्थिति को अपनी आँखों से देख रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आज देश में हालात ऐसे बन गए हैं कि बड़े-बड़े रसूखदार नेता भी अब पैदल, टेंपो और साइकिल से चलने को मजबूर दिखाई दे रहे हैं। देश के इस आर्थिक संकट की तुलना उन्होंने "कैंसर" जैसी जानलेवा और गंभीर बीमारी से करते हुए कहा कि यदि समय रहते देश को नहीं संभाला गया और एक मजबूत व व्यावहारिक आर्थिक नीति नहीं बनाई गई, तो स्थिति नियंत्रण से बाहर हो जाएगी। 

मनोज की रिपोर्ट