गयाजी में हुई बड़ी डकैती कांड का पुलिस ने किया खुलासा: चार अपराधियों को किया गिरफ्तार, सोना-चांदी और दो बाइक बरामद
गयाजी में बीते सितंबर महीने में हुई भीषण डकैती कांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है, साथ ही भारी मात्रा में सोना-चांदी और दो बाइक बरामद किया है......
Gayaji : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बीते 26 सितंबर 2026 को हुई डकैती की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने इस पूरे कांड का उद्भेदन किया और मीडिया को इसकी विस्तृत जानकारी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार शातिर अपराधियों को दबोच लिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
विशेष टीम का गठन और तकनीकी सर्विलांस से गिरफ्तारी
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार वजीरगंज एसडीपीओ और डीआईओ (DIO) के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय खुफिया तंत्र (Human Intelligence) का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपितों—विकास कुमार उर्फ बोटा, मोहम्मद सैहनसा, शुभम कुमार वर्मा और सुनील मांझी उर्फ गोगा को गिरफ्तार कर लिया।
भारी मात्रा में आभूषण, नकदी और वाहन जब्त
गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने लुटे गए सामान का बड़ा हिस्सा बरामद किया है। इनमें 28,390 रुपये नकद, लगभग 20 ग्राम सोना, 400 ग्राम चांदी, एक मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने अपराधियों के पास से गला हुआ सोना-चांदी और गाड़ियों के फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद किए हैं।
पहचान छिपाने के लिए आभूषणों को गलाया
पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि अपराधियों ने पुलिस की पकड़ से बचने और अपनी पहचान छिपाने की नीयत से लूटे गए कई आभूषणों को आपस में गलाकर रख दिया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपितों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस डकैती कांड में संलिप्त अन्य अपराधियों की धर-पकड़ के लिए जिले के विभिन्न ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी जारी है।
मनोज की रिपोर्ट