Bihar News : दिल्ली में प्यार, गया में तकरार ! गर्भवती युवती आधार कार्ड का पता तलाशते प्रेमी के घर पहुँची, पुलिस जांच में जुटी
Bihar News : दिल्ली में साथ काम करने के दौरान बने प्रेम संबंध के बाद एक युवती अपने प्रेमी की तलाश में दिल्ली से बिहार के गया जिले के मोहनपुर पहुंच गई.......पढ़िए आगे
GAYAJI : बिहार के गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र से प्रेम-प्रसंग और हाई-वोल्टेज ड्रामे का एक अनोखा मामला सामने आया है। दिल्ली में साथ काम करने के दौरान हुए प्यार के बाद जब प्रेमी अचानक गायब हो गया, तो एक गर्भवती युवती प्रेमी के आधार कार्ड पर दर्ज पते के सहारे दिल्ली से सीधे गया पहुँच गई।
18 महीने से चल रहा था प्रेम संबंध
पीड़ित युवती के अनुसार, दोनों दिल्ली में एक साथ काम करते थे और बीते लगभग 18 महीनों से एक-दूसरे के साथ प्रेम संबंध में थे। इसी दौरान युवती के गर्भवती होने की बात भी सामने आई। प्रेमी के अचानक संपर्क तोड़ने के बाद युवती ने हिम्मत नहीं हारी और युवक के आधार कार्ड पर अंकित पते की मदद से उसकी तलाश में गयाजी पहुँच गई।
आधार कार्ड के पते से पुलिस ने लगाया सुराग
युवती सबसे पहले गया जिले के फतेहपुर थाने पहुँची और पुलिस अधिकारियों को आपबीती सुनाते हुए मदद की गुहार लगाई। फतेहपुर पुलिस ने जब आधार कार्ड पर दर्ज पते और अन्य जानकारियों की छानबीन की, तो पता चला कि युवक का वास्तविक घर पड़ोसी मोहनपुर थाना क्षेत्र में पड़ता है।
थाने में आमने-सामने हुए प्रेमी-प्रेमिका
इसके बाद फतेहपुर पुलिस ने मोहनपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। पुलिस की मौजूदगी में युवती को थाने बुलाया गया, जहाँ युवक और युवती की पहचान कराई गई। प्रेमी को अपने सामने देखकर युवती भावुक हो गई, वहीं मामले की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
दोनों पक्षों से पूछताछ जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है। फिलहाल मोहनपुर और फतेहपुर थाना पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और निष्पक्ष जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मनोज की रिपोर्ट