President Police Medal: गयाजी के सपूत बिंदेश्वर कुमार को राष्ट्रपति पुलिस मेडल, सेवा, समर्पण और सफलता की अद्भुत कहानी

President Police Medal: देश की सुरक्षा और दूरसंचार के मोर्चे पर अपनी अतुलनीय सेवा और कुशल नेतृत्व का परिचय देने वाले गया जिले के बिंदेश्वर कुमार को 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया है।

President s Police Medal to Bindeshwar Kumar
गयाजी के सपूत बिंदेश्वर कुमार को राष्ट्रपति पुलिस मेडल- फोटो : reporter

President Police Medal: देश की सुरक्षा और दूरसंचार के मोर्चे पर अपनी अतुलनीय सेवा और कुशल नेतृत्व का परिचय देने वाले गया जिले के बिंदेश्वर कुमार को 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें सराहनीय सेवा के लिए प्रदान किया गया, जो न सिर्फ उनके करियर का गौरव है बल्कि गया जिले और पूरे बिहार का भी गर्व बढ़ाने वाला क्षण है।

गांव से गुवाहाटी तक की प्रेरक यात्रा

1978 में टनकुप्पा प्रखंड के सिमरिया गांव में जन्मे बिंदेश्वर कुमार की प्रारंभिक शिक्षा मैट्रिक तक हाई स्कूल करियादपुर में हुई। इसके बाद 1996 में उन्होंने भारतीय वायु सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सफर शुरू किया। सेना में रहते हुए ही उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की।2005 में वे बतौर सहायक सेनानी (दूरसंचार) भातिसीपु बल में शामिल हुए। यहां उन्होंने अपनी तकनीकी और नेतृत्व क्षमता से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

शिक्षा और उपलब्धियों का संगम

देश सेवा के साथ-साथ बिंदेश्वर कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में भी मिसाल पेश की। उन्होंने एम.टेक, एमबीए (साइबर सिक्योरिटी) और मास कम्युनिकेशन में भी परास्नातक किया है। यह साबित करता है कि निरंतर सीखने और खुद को निखारने की लगन से इंसान हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकता है।

परिवार का गर्व और खुशी

वर्तमान में वे ईस्टर्न कमांड मुख्यालय, गुवाहाटी में पदस्थ हैं। उनका छोटा सा परिवार भुसुंडा में रहता है, जबकि उनका निजी आवास दंडीबाग में है। उनका ससुराल खिरियावां में है। इस सम्मान की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदार और दोस्त गर्व और खुशी से झूम उठे। हर कोई उन्हें बधाइयों और शुभकामनाओं से नवाज़ रहा है।

देशभक्ति और समर्पण की मिसाल

बिंदेश्वर कुमार की कहानी उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो देश सेवा का सपना देखते हैं। एक साधारण गांव से निकलकर उन्होंने वायु सेना, दूरसंचार और तकनीकी विशेषज्ञता के साथ अपना नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। राष्ट्रपति पुलिस मेडल सिर्फ एक पुरस्कार नहीं, बल्कि उनकी कड़ी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण की पहचान है।

रिपोर्ट- कुलदीप भारद्वाज