Bihar News : गया जंक्शन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत 2 शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, चोरी के 2 मोबाइल किया बरामद
Bihar News : गया जंक्शन के प्लेटफॉर्मों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही आरपीएफ और रेल पुलिस की संयुक्त टीम ने दो युवकों को हिरासत में लिया है।
GAYAJI : गया जंक्शन पर रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल को एक बड़ी सफलता मिली है। गया जंक्शन के प्लेटफॉर्मों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही आरपीएफ और रेल पुलिस की संयुक्त टीम ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। गहन तलाशी लेने पर दोनों आरोपियों के पास से चोरी के दो अदद मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
आरपीएफ थाना गया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत RPF की विशेष टीम, सीपीडीएस टीम तथा राजकीय रेल पुलिस गया की संयुक्त टीम द्वारा गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 और दिल्ली छोर पर लगातार गश्त एवं सघन निगरानी की जा रही थी। इसी चेकिंग अभियान के दौरान दोनों युवकों को संदिग्ध स्थिति में घूमते देखा गया और रोककर पूछताछ शुरू की गई।
पुलिस टीम द्वारा जब दोनों संदिग्धों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से चोरी के दो महंगे मोबाइल फोन बरामद हुए। मोबाइल के संबंध में कोई वैध कागजात या संतोषजनक जवाब न देने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद बरामद मोबाइल फोन को जब्त करते हुए आरपीएफ और जीआरपी की ओर से आगे की विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि गया जंक्शन पर यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस तरह की मुस्तैद कार्रवाई से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में चोरी करने वाले गिरोहों और आपराधिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है तथा यात्रियों के बीच सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है। फिलहाल, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को जीआरपी थाने के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। रेल पुलिस और आरपीएफ की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मोबाइल किस ट्रेन या प्लेटफॉर्म से चोरी किए गए थे और क्या इस चोरी के सिंडिकेट में इनके साथ कोई अन्य साथी या गिरोह भी शामिल है।
मनोज की रिपोर्ट