गया जी के सोलरा पैक्स में कब्जा विवाद, पूर्व अध्यक्ष पर सरकारी गोदाम पर अवैध कब्जे का आरोप, प्रशासन पर टिकी नजर

गया जिले के परैया प्रखंड के सोलरा पैक्स में एक बार फिर विवाद गरमाने लगा है। वर्तमान अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने जिलाधिकारी शशांक शुभंकर को आवेदन देकर पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Solara Packs Seizure in Gaya
गया जी के सोलरा पैक्स में कब्जा विवाद- फोटो : reporter

Gaya: जिले के परैया प्रखंड के सोलरा पैक्स में एक बार फिर विवाद गरमाने लगा है। वर्तमान अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने जिलाधिकारी शशांक शुभंकर को आवेदन देकर पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिषेक का कहना है कि चुनाव संपन्न होने और नई समिति के गठन के बावजूद पूर्व अध्यक्ष गोदाम का प्रभार नहीं सौंप रहे हैं, बल्कि अब भी सरकारी गोदाम पर अवैध कब्जा बनाए हुए हैं।

अभिषेक कुमार ने आवेदन में उल्लेख किया है कि पूर्व अध्यक्ष ने पैक्स के गोदाम को अपनी निजी जमीन में बदल लिया है। गोदाम में खाद्यान्न भंडारण, वितरण और अन्य आवश्यक कार्य किए जाते हैं, लेकिन इस कब्जे के कारण पैक्स के दैनिक संचालन में भारी रुकावटें आ रही हैं। न केवल पैक्स के सदस्य बल्कि लाभुक किसान और उपभोक्ता भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। मौखिक और लिखित अनुरोधों के बावजूद गोदाम खाली नहीं करने पर वर्तमान अध्यक्ष ने इसे सरकारी संपत्ति पर अनधिकृत कब्जा बताते हुए जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है।

अभिषेक ने चेताया है कि यदि समय रहते गोदाम मुक्त नहीं कराया गया, तो खाद्यान्न वितरण और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर प्रत्यक्ष असर पड़ेगा। इससे आम जनता और किसानों को सीधे नुकसान हो सकता है।

सूत्रों के अनुसार, जिला प्रशासन ने आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। संबंधित विभाग से रिपोर्ट मांगी जा सकती है, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और उचित कार्रवाई की जा सके। फिलहाल यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है, और सभी की नजरें अब प्रशासन पर टिकी हैं कि वह अवैध कब्जे के आरोपों पर कितनी तेजी और सख्ती से कदम उठाता है और पैक्स की कार्यप्रणाली को कब सामान्य किया जा सकता है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार