गयाजी में 'नशा मुक्त सप्ताह' का सफल समापन: डीएम के निर्देश पर 10 दिनों तक चला महा-अभियान, खेल और कला के जरिए युवाओं को संदेश
गयाजी जिले में "अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस" के अवसर पर आयोजित 10 दिवसीय विशेष "नशा मुक्त सप्ताह" का शुक्रवार को भव्य समापन हो गया। इस मौके पर जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से एक नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय
Gayaji : जिला पदाधिकारी (DM) शशांक शुभंकर के निर्देश के आलोक में जिले में "अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस" के अवसर पर एक बड़े अभियान का संचालन किया गया। जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, गया के समन्वय में 17 जून से 26 जून 2026 तक विशेष "नशा मुक्त सप्ताह" का आयोजन किया गया था। इस वर्ष के पूरे अभियान का मुख्य विषय (Theme) "नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान" निर्धारित किया गया था, जिसके तहत समाज के हर वर्ग को नशे के खिलाफ एकजुट करने का प्रयास किया गया।
सरकारी कार्यालयों से लेकर पुनर्वास केंद्रों तक शपथ ग्रहण
इस 10 दिवसीय जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत 17 जून को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मियों द्वारा नशामुक्ति की सामूहिक शपथ के साथ हुई। इसके अगले दिन, यानी 18 जून को जिले के विभिन्न नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों, वृद्धाश्रम, सेवा कुटीर एवं शांति कुटीर में विशेष शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर मौजूद लोगों तक भी नशामुक्त समाज का यह जरूरी संदेश प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
नुक्कड़ नाटक, योग और जीविका दीदियों का मिला साथ
अभियान को आगे बढ़ाते हुए 19 एवं 20 जून को अनुमंडल स्तर पर नुक्कड़ नाटक तथा कम्युनिटी अवेयरनेस ड्राइव के माध्यम से आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इसके बाद, 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग कार्यक्रम आयोजित कर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की सीख दी गई, जबकि 22 एवं 23 जून को आंगनबाड़ी केंद्रों, जीविका दीदियों एवं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
स्कूली बच्चों की कला और खेल प्रतियोगिताओं से जुड़ाव
अभियान के अंतिम चरणों में युवाओं और बच्चों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कई रचनात्मक पहल की गईं। 24 जून को जिला शिक्षा विभाग के सहयोग से विद्यालयों में क्विज, पेंटिंग एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें शामिल सभी प्रतिभागियों को जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा टी-शर्ट, टोपी और नाश्ता-पानी उपलब्ध कराया गया। वहीं, 25 जून को जिला खेल पदाधिकारी के सहयोग से बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल एवं कबड्डी जैसी खेल प्रतियोगितियों का आयोजन कर युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल से जुड़ने का संदेश दिया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ भव्य समापन
इस महा-अभियान का समापन 26 जून को जिला स्तर पर आयोजित एक भव्य मुख्य कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, मद्य निषेध विभाग, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, जिला उद्योग केंद्र सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे, जहां जिला प्रशासन ने नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने एवं युवाओं को नशे से दूर रखने का पुरजोर आह्वान किया।
मनोज की रिपोर्ट