Bihar News: पटना के बाद अब गयाजी में होगा महायज्ञ, देशभर के श्रद्धालु होंगे शामिल, स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने दी जानकारी
Bihar News: पटना के बाद अब गयाजी में भव्य श्री विद्या त्रिकोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी वरिष्ठ संत स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने दी है।

Bihar News: पटना के बाद अब 21 से 23 जून तक पावन नगरी गयाजी में भव्य श्री विद्या त्रिकोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यह महायज्ञ देश के वरिष्ठ संत स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के संरक्षण में संपन्न होगा। इस अवसर पर देशभर से लाखों श्रद्धालुओं और संतों के आगमन की संभावना है। इस विशेष सिंदूर महायज्ञ का उद्देश्य है बिहार का विकास, देश की प्रगति, विश्व शांति और लोक कल्याण। इससे पहले पटना में 26 से 30 मई तक महायज्ञ का आयोजन हो चुका है, जहां लाखों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की थी।
3 करोड़ बार किया जाएगा अर्चन
महायज्ञ के दौरान सुहासिनी महिलाएं और श्रद्धालु सिंदूर से माता ललिता का अर्चन करेंगे। अनुमान है कि पूरे यज्ञकाल में कुल 3 करोड़ बार अर्चन किया जाएगा। गौरतलब है कि स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के संरक्षण में अब तक देश के 21 शहरों में इस प्रकार के महायज्ञ सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। वे सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
गया जी में महायज्ञ
इस यज्ञ को लेकर स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि, हमलोग पटना में त्रिकोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ किया था। जहां श्रद्धालुओं का उत्साह अधिक था। अब हमलोग यह महायज्ञ गयाजी में करने जा रहे हैं। गयाजी में 21 से 23 जून तक यह महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। बिहार के माताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा है बिहार के यदि अन्य जिलों से भी आमंत्रण आएगा तो वहां भी जाकर महायज्ञ करेंगे।