Pune accident: पुणे में सेल्फी बनी मौत! बांध में डूबकर तीन दोस्तों की जान गई

Pune accident: पुणे के जाधववाड़ी बांध में सेल्फी लेते समय तीन दोस्तों की डूबकर मौत हो गई। ये घटना पिकनिक के दौरान हुआ।

Pune accident
सेल्फी के चक्कर में गई जान!- फोटो : social media

Pune accident: पुणे के मावल तहसील में शुक्रवार (1 मई 2026) को दोस्तों की एक पिकनिक अचानक हादसे में बदल गई। जाधववाड़ी बांध पर दोपहर करीब तीन बजे सेल्फी लेते समय तीन दोस्तों की पानी में डूबकर मौत हो गई।पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अजय गरुडे, संतोष एडके और अनिकेत पवार के रूप में हुई है। ये सभी पुणे के भोसारी इलाके से अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आए थे। कुल छह दोस्तों का समूह वहां मौजूद था।

मिली जानकारी के मुताबिक, चार दोस्त बांध के पानी में घुटनों तक खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे। तभी उनमें से एक, जो किनारे के पास था, अचानक फिसल गया और गहरे पानी में चला गया। उस समय चारों एक-दूसरे को पकड़कर खड़े थे, इसलिए संतुलन बिगड़ते ही एक के बाद एक सभी गहरे पानी में गिर गए और डूबने लगे। वहीं पास में खड़ा एक और दोस्त तुरंत मदद के लिए दौड़ा और उसने चार में से एक को बाहर निकाल लिया। लेकिन बाकी तीन दोस्तों को नहीं बचाया जा सका।

तलाशी अभियान चलाया गया

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय बचाव दल, वन्यजीव रक्षक मावल संस्था, शिवदुर्ग बचाव दल, एनडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने तलाशी अभियान चलाया और बाद में तीनों के शव बांध से बाहर निकाले।