Bihar News : SSB की 29वीं वाहिनी ने की जरुरतमंदों की मदद, गया और औरंगाबाद में बांटे सोलर लैम्प, ग्रामीणों ने जताई ख़ुशी

Bihar News : 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, गया जी की ओर से शनिवार को जरूरतमंद, गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीणों और युवाओं के बीच सोलर लैम्प का वितरण किया गया।

Bihar News : SSB की 29वीं वाहिनी ने की जरुरतमंदों की मदद, गय
सोलर लैम्प का वितरण - फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : नागरिक कल्याण कार्यक्रम वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, गया जी की ओर से शनिवार को जरूरतमंद, गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीणों और युवाओं के बीच सोलर लैम्प का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोशनी की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों को सहायता प्रदान करना है।

कार्यक्रम के तहत डी-समवाय सलैया के कार्यक्षेत्र में कमांडेंट कुणाल के नेतृत्व में गया जिले के सोहेल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम वोराहा एवं नावा में सोलर लैम्प वितरित किए गए। वहीं, ए-समवाय भालूआही के कार्यक्षेत्र में द्वितीय कमान अधिकारी असीम उपाध्याय के नेतृत्व में औरंगाबाद जिले के बालूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छुछिया में ग्रामीणों के बीच सोलर लैम्प का वितरण किया गया।

इस अवसर पर बताया गया कि 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में स्थानीय नागरिकों के कल्याण और सहायता के लिए समय-समय पर विभिन्न नागरिक कल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसके तहत युवाओं एवं बेरोजगारों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण, जरूरतमंदों के बीच आवश्यक सामग्रियों का वितरण, मानव चिकित्सा एवं पशु चिकित्सा शिविर सहित कई जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जाती हैं। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में सहयोग करना तथा उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।

कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट गुलशन कुमार थापा, सहायक कमांडेंट ओंकार राम, सोहेल थाना प्रभारी एसआई रविकांत कुमार, ग्राम पंचायत दुलारे के मुखिया विजेंद्र सहित 29वीं वाहिनी के अधीनस्थ अधिकारी, बल के जवान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए सशस्त्र सीमा बल के प्रति आभार व्यक्त किया।