गया जी रेलवे जंक्शन पर पितृपक्ष मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, दिए कई निर्देश

गया जी रेलवे जंक्शन पर पितृपक्ष मेले की तैयारियों का डीएम ने
पितृपक्ष मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा- फोटो : प्रेम

Gayaji : पितृपक्ष मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने गया जी रेलवे जंक्शन का औचक निरीक्षण किया, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर यात्रियों के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।


पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और मेडिकल सुविधाओं की जांच

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टेशन परिसर में बनी सीढ़ियों, पेयजल की उपलब्धता, शौचालयों की साफ-सफाई, यात्री शेड और प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से मुआयना किया। इसके साथ ही उन्होंने यात्रियों के आवासन, मेडिकल फैसिलिटी और कंट्रोल रूम जैसी तमाम महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की भी विस्तृत जानकारी ली।


यात्रियों के विश्राम के लिए टेंट और समय-सारिणी के लिए डिस्प्ले बोर्ड

मीडिया से बातचीत करते हुए डीएम शशांक शुभंकर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वेटिंग हॉल और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से विशेष टेंट भी लगाए जाएंगे ताकि यात्री वहां बैठकर आराम कर सकें। साथ ही, यात्रियों के ठहरने और ट्रेन का इंतजार करने वाले स्थानों पर ट्रेनों की समय-सारिणी डिजिटल डिस्प्ले पर प्रदर्शित की जाएगी।


संकीर्ण फुट ओवर ब्रिज पर अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती

निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन के एक संकीर्ण फुट ओवर ब्रिज को लेकर भी चर्चा की गई, जिसका निर्माण बाद में प्रस्तावित है। फिलहाल मेले के दौरान यात्रियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी या भीड़भाड़ से बचाने के लिए वहां अलग से पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती करने का निर्णय लिया गया है।


वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी और सुरक्षा को सर्वोपरि रखने का निर्देश

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पितृपक्ष मेले के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और उनकी सहूलियत प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और सिटी एसपी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। 


प्रेम की रिपोर्ट