Bihar News : गया में डूब रही चार महिलाओं की जान बचाने वाले दो वीर बालकों को डीएम ने किया सम्मानित, जमकर की सराहना
Bihar News : गया जिले में दो साहसी बालकों ने अपनी सूझबूझ से चार महिलाओं की जान बचा ली। जिसके बाद उन्हें जिला पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया....पढ़िए आगे
GAYAJI : डूब रही चार महिलाओं की जान बचाने में अदम्य साहस एवं सूझबूझ का परिचय देने वाले दो बालकों, विक्की कुमार एवं संटू कुमार को आज जिला पदाधिकारी, गया द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। दोनों बालकों ने संकट की घड़ी में साहस, तत्परता एवं निःस्वार्थ भाव का परिचय देते हुए चार महिलाओं के जीवन की रक्षा की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जगन्नाथपुर पंचायत के श्रीरामपुर गांव में गुरुवार को दोपहर के समय यह दर्दनाक हादसा हुआ। गांव की छह महिलाएं घास काटने के बाद झाड़ू बनाने के लिए कांस काटने पानी में उतरी थीं। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। संकट की इस घड़ी में विक्की कुमार एवं संटू कुमार ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए डूब रही महिलाओं को बचाने का प्रयास किया। दोनों बालकों की तत्परता एवं साहस के कारण चार महिलाओं की जान बचाई जा सकी।
विक्की कुमार, पिता प्रदीप यादव एवं संटू कुमार, पिता संजय यादव, ग्राम नेवडीहा, पंचायत करियादपुर, थाना फतेहपुर, जिला गया के निवासी हैं। कम उम्र में दोनों बालकों द्वारा प्रदर्शित यह साहस, मानवीय संवेदनशीलता एवं परोपकार की भावना समाज के लिए प्रेरणादायी है।
इस अवसर पर स्थानीय मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी, गया ने दोनों बालकों के सराहनीय एवं साहसिक कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने इस घटना को साहस, निःस्वार्थ सेवा और दूसरों के जीवन के प्रति संवेदनशीलता का प्रेरक उदाहरण बताया। दोनों बालकों का यह कार्य समाज के लिए एक प्रेरणा है। यह घटना विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं में साहस, परोपकार, तत्परता तथा संकट के समय दूसरों की सहायता करने की भावना को प्रोत्साहित करती है।
मनोज की रिपोर्ट