Bihar News : फेसबुक की दोस्ती का खौफनाक अंत ! प्रेमी ने युवती को नशीली दवा देकर किया दुष्कर्म, दो बार गर्भपात और वीडियो वायरल करने की दी धमकी
झारखंड की रहने वाली एक युवती ने नवादा के रहने वाले युवक पर नशीली दवा खिलाकर बार-बार दुष्कर्म करने, दो बार जबरन गर्भपात कराने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
GAYAJI : फेसबुक पर हुई दोस्ती प्यार में नहीं, बल्कि गंभीर अपराध में बदल गई. झारखंड की एक युवती ने नवादा के युवक पर नशीली दवा खिलाकर दुष्कर्म, गर्भपात कराने और वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है. मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
होटल में दुष्कर्म
वही पीड़िता का आरोप है कि 16 अप्रैल को वह गया शहर में आयोजित असिस्टेंट एजुकेशन डेवलपमेंट ऑफिसर की लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए आई थी और स्टेशन रोड स्थित एक होटल में ठहरी थी. आरोप है कि 17 अप्रैल को मुकेश कुमार भी वहां पहुंचा, अपने नाम से होटल में कमरा बुक कराया और नशीली दवा खिलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. इस दौरान अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
संबंध बनाने से पहले दवा
एफआईआर में युवती ने आरोप लगाया है कि दिसंबर 2024 में पूर्णिया, सितंबर 2025 में जहानाबाद तथा मार्च 2026 में मुजफ्फरपुर में परीक्षा देने के दौरान भी आरोपी उसके साथ होटल में रुका और जबरन शारीरिक संबंध बनाए. उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी हर बार संबंध बनाने से पहले उसे दवा खिलाता था, जिससे उसे चक्कर आने लगते थे.
दो बार गर्भपात कराने और ब्लैकमेल करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी एक मेडिकल दुकान में काम करता है और दवाओं की जानकारी होने के कारण वह उसका गलत फायदा उठाता था. उसने बताया कि संबंधों के दौरान गर्भ ठहरने पर आरोपी ने दो बार उसका गर्भपात कराया. अब आरोपी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रुपये की मांग कर रहा है.
जांच में जुटी पुलिस
मामला दर्ज होने के बाद कोतवाली थाना पुलिस जांच के लिए गया रेलवे स्टेशन के समीप स्थित उस होटल पहुंची. जहां 17 अप्रैल को दोनों के ठहरने का दावा किया गया है. पुलिस के अनुसार होटल के रजिस्टर में मुकेश कुमार के नाम से कमरा बुक होने का रिकॉर्ड मिला है. पुलिस अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है. कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. उपलब्ध साक्ष्यों, होटल के रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मनोज की रिपोर्ट