Bihar News: गया में जंगली हाथियों की दस्तक से दहशत, 48 घंटे से हाई अलर्ट पर वन विभाग, झारखंड की ओर खदेड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान तेज

Bihar News: दो जंगली हाथियों की मौजूदगी ने ग्रामीण इलाकों में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।...

Bihar News: गया में जंगली हाथियों की दस्तक से दहशत, 48 घंटे
जंगली हाथियों से दहशत- फोटो : MANOJ

Gayaji:  जिले में दो जंगली हाथियों की मौजूदगी ने ग्रामीण इलाकों में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है। फतेहपुर और मोहनपुर प्रखंड के सीमावर्ती जंगलों में पिछले 48 घंटों से दोनों हाथी लगातार विचरण कर रहे हैं, जिससे आसपास के गांवों के लोग दहशत में हैं। एहतियात के तौर पर वन विभाग ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है और स्थिति पर पल-पल नजर रखी जा रही है।वन विभाग के अनुसार, दोनों हाथी अपने मूल झुंड से बिछड़कर इस क्षेत्र में पहुंच गए हैं। अपरिचित इलाका होने के कारण वे लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं, जिससे उन्हें सुरक्षित दिशा में ले जाने की कार्रवाई चुनौतीपूर्ण बन गई है। विभाग की विशेष टीमें पिछले 36 घंटों से लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं, ताकि दोनों हाथियों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित झारखंड के जंगलों की ओर वापस भेजा जा सके।

मंगलवार देर शाम तक हाथियों की लोकेशन फतेहपुर और मोहनपुर की सीमा से लगे जंगलों में मिली। इसके बाद वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और गश्त और तेज कर दी है। टीमों को लगातार जंगलों में तैनात रखा गया है ताकि हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

प्रशासन ने ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे किसी भी स्थिति में हाथियों के नजदीक जाने, उन्हें घेरने या फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश न करें। ऐसा करना न केवल खतरनाक हो सकता है, बल्कि हाथियों के आक्रामक होने का कारण भी बन सकता है।वन विभाग ने यह भी कहा है कि यदि हाथी किसी गांव या आबादी वाले क्षेत्र की ओर बढ़ते दिखाई दें तो इसकी सूचना तुरंत विभाग या स्थानीय प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

फिलहाल वन विभाग की प्राथमिकता दोनों जंगली हाथियों को सुरक्षित तरीके से उनके प्राकृतिक आवास तक पहुंचाना है। वहीं ग्रामीणों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। स्थिति को देखते हुए पूरे क्षेत्र में वन विभाग की टीमें लगातार चौकसी और निगरानी बनाए हुए हैं।

रिपोर्ट- मनोज कुमार