76TH Republic Day: 26 जनवरी को देशभर में गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। प्रत्येक वर्ष के भांति इस वर्ष भी पटना के गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह की भव्य तैयारी की जा रही है। हर साल के तरह इस साल भी कई विभागों के द्वारा भव्य झांकी निकाली जाएगी। जिसको लेकर सभी विभाग तैयारी में जुटे हैं। गांधी मैदान में आम लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। केवल अधिकारियों ही गांधी मैदान में प्रवेश कर सकेंगे। सुबह शाम गांधी मैदान में परेड की रिहर्सल किया जा रहा है। वहीं आज हम बताएंगे कि गांधी मैदान में 76 वें गणतंत्र दिवस के लिए क्या कुछ तैयारियां की गई है।
गणतंत्र दिवस की तैयारी
जानकारी अनुसार गणतंत्र दिवस के अवसर पर गांधी मैदान में बिहार सरकार के 15 विभागों की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। इन झांकियों के माध्यम से राज्य सरकार की विकास योजनाओं, लोक-कल्याणकारी प्रयासों और समाज सुधार अभियानों को दर्शाया जाएगा। झांकी प्रदर्शन के लिए पंडाल का निर्माण तेजी से चल रहा है, जिसमें झांकियों की अधिकतम ऊंचाई 15 फीट तक होगी।
झांकी प्रदर्शन से संबंधित दिशानिर्देश
सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि झांकी में शामिल कलाकारों की उम्र 15 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। गांधी मैदान में झांकियों के प्रवेश से पहले उनकी सुरक्षा जांच की जाएगी। झांकियों का पूर्वाभ्यास 24 जनवरी को किया जाएगा। पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने गुरुवार को गांधी मैदान में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि झांकियों के माध्यम से राज्य की विकास योजनाओं, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों और समाज सुधार अभियानों को दर्शाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
समिति की देखरेख में तैयारी
झांकी प्रस्तुतिकरण से जुड़ी सभी तैयारियां उप विकास आयुक्त (डीडीसी) समीर सौरभ की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति की निगरानी में हो रही हैं। समिति में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी और जिला नजारत उप समाहर्ता को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। झांकियों के निर्माण और प्रदर्शन की प्रगति पर नियमित समीक्षा की जा रही है।
झांकियों की सूची और थीम
1. मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग
थीम: नशामुक्त बिहार, खुशहाल परिवार
2. नगर विकास एवं आवास विभाग
थीम: पिंक टॉयलेट
3. उद्योग विभाग
थीम: बढ़ता निवेश, बढ़ता रोजगार
4. पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग
थीम: पशु चिकित्सा बस एक कॉल की दूरी पर
5. कृषि निदेशालय
थीम: मखाना: देश का सुपरफूड
6. कला, संस्कृति एवं युवा विभाग
थीम: अटल कला भवन
7. भवन निर्माण विभाग
थीम: बापू टावर
8. सहकारिता विभाग
थीम: पैक्सों में व्यावसायिक विविधिकरण
9. विधि विभाग
थीम: अनुच्छेद 39ए के तहत निशुल्क विधि सहायता
10. पर्यटन विभाग
थीम: रामायण सर्किट
11. खेल विभाग
थीम: परिश्रम से पदक तक
12. शिक्षा विभाग
थीम: गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हो साकार, आगे बढ़ता रहे बिहार
13. स्वास्थ्य विभाग
थीम: स्वास्थ्य सेवा: बढ़ता डिजिटलीकरण
14. महिला एवं बाल विकास निगम
थीम: महिला सशक्तिकरण नीति
इस झांकी प्रदर्शन से न केवल बिहार की प्रगति और विकास योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा, बल्कि जन-जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा।