कोचिंग के लिए निकले दो छात्र लापता, परिजनों का दावा- फिरौती के लिए आया फोन, कॉल ने पुलिस के उड़ाए होश

कोचिंग के लिए निकले दो छात्र पिछले चार दिनों से लापता हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। जहाँ परिजन फिरौती मांगे जाने का दावा कर रहे हैं, वहीं पुलिस का मानना है कि मामला बाइक दुर्घटना के डर से जुड़ा हो सकता है।

कोचिंग के लिए निकले दो छात्र लापता, परिजनों का दावा- फिरौती

Gopalganj -: जिले के बरौली थाना क्षेत्र के बालहा गांव से दो नाबालिग छात्र, विकास कुमार और रेहान अली, बीते 6 फरवरी से रहस्यमय ढंग से लापता हैं। दोनों छात्र सुबह कोचिंग के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इस मामले में परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए बरौली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।  

परिजनों का फिरौती का दावा

लापता छात्र विकास कुमार की बहन संजना कुमारी ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उनका कहना है कि 6 फरवरी को ही उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने दोनों छात्रों को छोड़ने के बदले लगभग 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी है। संजना ने रोते हुए प्रशासन से अपने भाई की सकुशल वापसी की गुहार लगाई है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। 

पुलिस की जांच में 'डर' का नया एंगल

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2 (सिधवलिया) राजेश कुमार स्वयं जांच की कमान संभाल रहे हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में एक अलग ही कहानी सामने आई है। एसडीपीओ ने बताया कि दोनों छात्र दोस्त थे और घटना के दिन एक मोटरसाइकिल लेकर निकले थे। रास्ते में बाइक से किसी को मामूली धक्का लग गया था। जब वे बाइक वापस करने गए, तो मालिक ने उन्हें बाइक ठीक कराने की चेतावनी दी और ऐसा न करने पर अंजाम भुगतने की बात कही।  

डर या अपहरण? हर पहलू पर नजर

पुलिस को अंदेशा है कि बाइक मालिक की डांट और नुकसान की भरपाई के डर से दोनों छात्र कहीं छिप गए हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस फिरौती वाले कॉल के दावे को भी खारिज नहीं कर रही है और हर एंगल से जांच कर रही है। परिजनों और संदिग्धों के मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है। 

एक्शन मोड में प्रशासन, सीसीटीवी खंगाल रही टीम

एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज देख रही है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर दबिश दे रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।  

गांव में तनाव और परिजनों का बुरा हाल

बालहा गांव में दो बच्चों के एक साथ लापता होने से तनाव का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश भी देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस और परिजन दोनों ही बच्चों की सलामती की उम्मीद लगाए बैठे हैं। 

Report - Namo narayan mishra