Bihar news:डायल 112 सिपाही का वायरल वीडियो बना सनसनी! हथियार छीनने के इल्ज़ाम पर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Bihar news: डायल 112 के सिपाही से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो में सिपाही ने संगीन इल्ज़ाम लगाते हुए दावा किया कि..

Dial 112 Cop Viral Video Sparks Sensation
थियार छीनने के इल्ज़ाम पर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा- फोटो : reporter

Bihar news: गोपालगंज में मांझागढ़ थाना में तैनात डायल 112 के सिपाही से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो में सिपाही ने संगीन इल्ज़ाम लगाते हुए दावा किया कि उनका सरकारी हथियार छीन लिया गया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। लेकिन पुलिस प्रशासन ने इस पूरे मामले को भ्रामक और बेबुनियाद करार देते हुए विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सच्चाई सामने रखी है।

जिला पुलिस के मुताबिक, संबंधित सिपाही सुनील कुमार के व्यवहार में पिछले कुछ समय से अचानक चिड़चिड़ापन और मानसिक अस्थिरता के लक्षण दिखाई दे रहे थे। हालात को भांपते हुए तत्कालीन थाना अध्यक्ष राजीव कुमार ने स्टेशन डायरी में विधिवत एंट्री दर्ज कराई। किसी अप्रिय वारदात की आशंका को देखते हुए एहतियातन उनके पास मौजूद सरकारी पिस्टल को सुरक्षित जमा करा लिया गया।

30 जनवरी 2026 को सनहा दर्ज कर हथियार को पुलिस लाइन के मालखाना में नियमों के तहत जमा किया गया और सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया। बावजूद इसके, सिपाही ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सनसनी फैला दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने साफ किया कि हथियार जब्ती की पूरी कार्रवाई कानून और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत की गई थी।

सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि सिपाही मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहे थे और अधिकारियों के प्रति आपत्तिजनक लहजे का इस्तेमाल कर रहे थे। एहतियात के तौर पर रिपोर्ट दर्ज कर उनका पिस्टल सुरक्षित रखा गया। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में लगाए गए आरोपों में कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।

स्थिति की नज़ाकत को देखते हुए सिपाही को दो पुलिसकर्मियों की निगरानी में सरकारी वाहन से घर पहुंचाया गया। फिलहाल वे परिवार की देखरेख में हैं और इलाज के लिए अवकाश पर भेजे गए हैं। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि अफवाहों पर यकीन न करें और अपुष्ट खबरों को शेयर करने से परहेज करें।

अब सवाल यह है क्या यह महज़ एक मानसिक अस्थिरता का मामला है या वायरल वीडियो की साज़िश के पीछे कोई और कहानी? जांच जारी है, और विभाग हर पहलू की पड़ताल में जुटा है।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा