Bihar Flood: बिहार में गंडक का तांडव, 25 फीट रिंग बांध टूटा, 400 घरों पर बाढ़ का खतरा
Bihar Flood: गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वहीं अचानक करीब 25 फीट रिंग बांध टूटने से इलाके में हड़कंप मच गया।......
Bihar Flood: हाजीपुर में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अखिलाबाद में देर रात अचानक करीब 25 फीट रिंग बांध टूटने से इलाके में हड़कंप मच गया। बांध टूटते ही तेज धार के साथ पानी गांव की ओर बढ़ने लगा, जिससे रिंग बांध और मेन बांध के बीच बसे करीब 400 घरों की 10 हजार से अधिक आबादी प्रभावित होने की आशंका है। अचानक आई इस आफत से इलाके में दहशत का माहौल कायम है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले दो दिनों से रिंग बांध में रिसाव हो रहा था। इसकी सूचना प्रशासन को भी दी गई थी, लेकिन समय रहते मरम्मत और बचाव के ठोस इंतजाम नहीं किए गए। आखिरकार बढ़ते जलस्तर के दबाव में बांध का एक बड़ा हिस्सा टूट गया। पानी की तेज धार गांव की तरफ बढ़ने से लोगों को अपने घर और मवेशी छोड़कर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों की ओर जाने को मजबूर होना पड़ा।
बांध टूटने से इलाके में बड़े पैमाने पर केले की फसल बर्बाद होने की बात सामने आ रही है। किसानों को करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि अगर पानी की रफ्तार इसी तरह बढ़ती रही तो आने वाले समय में हाजीपुर में बाढ़ का भयावह मंजर देखने को मिल सकता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बांध टूटने के बाद भी तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू नहीं किया गया। उनका दावा है कि मामले की जानकारी देने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता नहीं दिखाई गई।मामला तब और विवादित हो गया, जब ग्रामीणों और मीडिया कर्मियों के अनुसार हाजीपुर प्रखंड के बीडीओ ने बांध की मरम्मत और राहत-बचाव के बजाय सवाल उठाने वालों को जेल भेजने की धमकी दी। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है। फिलहाल गंडक की तेज धार और टूटे बांध ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है और प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार