CO v/s Police - थाने में अपनी गिरफ्तारी देने पहुंचे अंचलाधिकारी, इस्तीफा देने की बात पर अड़े, थानाध्यक्ष भी हैरान, जानें पूरा मामला

CO v/s Police - ओ निर्भय प्रताप सिंह अचानक टाउन थाना पहुंच गए और मांग कर दी कि उनको गिरफ्तार कर लिया जाए, जिसके बाद थाने में हड़कंप मच गया

CO v/s Police - थाने में अपनी गिरफ्तारी देने पहुंचे अंचलाधिक
सीओ ने की अपनी गिरफ्तारी की मांग- फोटो : NEWS4NATION

Jamui - बिहार के जमुई जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अंचलाधिकारी (सीओ) निर्भय प्रताप सिंह और टाउन थाना के थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार के बीच तिरंगा यात्रा निकालने को लेकर तीखी बहस हो गई। पुलिस द्वारा यात्रा की अनुमति नहीं मिलने से नाराज सीओ अचानक टाउन थाना पहुँच गए और पुलिस से अपनी गिरफ्तारी की मांग करने लगे। हालांकि इस दौरान थानाध्यक्ष उन्हें मनाने की कोशिश करते रहे,  लेकिन अंचलाधिकारी अपनी जिद पर अड़े रहे। इस दौरान उन्होंने नौकरी से इस्तीफा देने की बात तक कह दी।  

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, अंचलाधिकारी निर्भय प्रताप सिंह 'नेचर विलेज' नाम से एक संस्था भी चलाते हैं, जिसके माध्यम से वे समाज सेवा का काम करते हैं। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उनकी संस्था ने 'शौर्य तिरंगा यात्रा' निकालने की योजना बनाई थी। यात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा भी हुए थे, लेकिन जमुई पुलिस ने उन्हें यात्रा निकालने से रोक दिया।

तिरंगा यात्रा के  लिए नहीं मिला आवेदन

सीओ निर्भय प्रताप सिंह का कहना है कि उन्होंने यात्रा के लिए पहले ही अनुमंडल पदाधिकारी को लिखित आवेदन दे दिया था। इसके बावजूद, जब उन्होंने थानेदार अमरेंद्र कुमार से फोन पर बात की, तो उन्हें कथित तौर पर धमकाया गया और एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी गई। इस घटना से नाराज होकर सीओ अपने समर्थकों के साथ सीधे टाउन थाना पहुँच गए।

थाने में हुई तीखी बहस

थाने में सीओ और थानाध्यक्ष के बीच तीखी बहस हुई। सीओ निर्भय प्रताप सिंह ने कहा, "अगर भारत में तिरंगा यात्रा निकालना अपराध है, तो मुझे गिरफ्तार कर लिया जाए।" उन्होंने आरोप लगाया कि जब एक अंचलाधिकारी के साथ पुलिस ऐसा व्यवहार कर सकती है, तो आम लोगों के साथ कैसा बर्ताव होता होगा। उन्होंने यह भी कहा कि "भारत में पाकिस्तान का कानून नहीं चल सकता।" थानाध्यक्ष ने उन्हें समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे अपनी बात पर अड़े रहे।

इस्तीफा देने का ऐलान

इस पूरे घटनाक्रम से आहत होकर अंचलाधिकारी निर्भय प्रताप सिंह ने पत्रकारों के सामने ही अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही अपना इस्तीफा विभाग को सौंप देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वे दोषी हैं तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे, वरना दोषी पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई की जाए।

स्वतंत्रता दिवस होने के कारण जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय बंद थे। सीओ ने कहा कि वे वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर इस मामले की जाँच की मांग करेंगे और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की अपील करेंगे।