Bihar News : पत्रकार को धमकी और रंगदारी मामले में जीविका प्रभारी व चालक पर दर्ज हुई प्राथमिकी, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News : जहानाबाद में घोषी प्रखंड के जीविका प्रभारी अमित कौशिक एवं उनके चालक सिकंदर कुमार के खिलाफ पत्रकार को धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

Bihar News : पत्रकार को धमकी और रंगदारी मामले में जीविका प्र
जीविका प्रभारी पर एफआईआर - फोटो : SOCIAL MEDIA

JEHANABAD : जिले के घोषी प्रखंड के जीविका प्रभारी अमित कौशिक और उनके चालक सिकंदर कुमार उर्फ उमेश कुमार के खिलाफ एक स्थानीय पत्रकार को गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और ₹2 लाख की रंगदारी मांगने के गंभीर आरोप में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

निजी वाहन के सरकारी उपयोग पर सवाल उठाने पर बढ़ा विवाद

प्राथमिकी के अनुसार, पत्रकार अजीत कुमार दत्ता ने दो दिन पूर्व घोषी स्थित जीविका कार्यालय में उपयोग की जा रही स्कॉर्पियो गाड़ी (BR02PB-4989) और उसके सरकारी भुगतान को लेकर सवाल पूछे थे। उन्होंने जीविका प्रभारी से जानना चाहा था कि परिवहन नियमों के विपरीत सरकारी कार्यों में कॉमर्शियल (पीली नंबर प्लेट) की जगह प्राइवेट नंबर प्लेट वाले वाहन का उपयोग किस आधार पर किया जा रहा है।

चालक ने फोन पर दी धमकी, ₹2 लाख रंगदारी की मांग

आरोप है कि इस पूछताछ से नाराज जीविका प्रभारी के उकसावे पर चालक सिकंदर कुमार ने पत्रकार को फोन कर भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, चालक ने यह भी कहा कि यदि उक्त वाहन को जीविका कार्यालय से हटवाया गया तो इसके बदले ₹2 लाख रुपये की रंगदारी देनी होगी।

आहत पत्रकार पहुंचे नगर थाना, प्राथमिकी दर्ज

इस घटना और धमकी से आहत होकर पत्रकार अजीत कुमार दत्ता ने नगर थाने में लिखित आवेदन देकर जीविका प्रभारी अमित कौशिक तथा चालक सिकंदर कुमार के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की तकनीकी और कानूनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दर्ज कराए गए आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है, और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मामले की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।