‘बेटी तो गई, अब बेटा मरेगा...’: शंभू गर्ल्स हॉस्टल कांड में खौफनाक मोड़, पीड़ित परिवार को फिर मिली धमकी

जहानाबाद की छात्रा के परिवार को अब बेटे की हत्या की धमकी मिली है. घर में फेंके गए पर्चे में लिखा है- बेटी गई, अब बेटा मरेगा. सुरक्षा के बीच मिली इस दोबारा धमकी से परिजन दहशत में हैं और पुलिसिया मुस्तैदी पर सवाल उठा रहे हैं.

‘बेटी तो गई, अब बेटा मरेगा...’:  शंभू गर्ल्स हॉस्टल कांड में

पटना के हॉस्टल में मृत मिली नीट छात्रा के परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब छात्रा के परिजनों को उनके बेटे की हत्या की सीधी धमकी मिली है। 17 फरवरी को पैतृक आवास की खिड़की से एक पर्चा फेंका गया, जिसमें खौफनाक शब्दों में लिखा था— "न माना तो बेटी गई, अब बेटा भी दो दिन में मरेगा।" इस घटना के बाद से पूरे परिवार में दहशत का माहौल है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

हैरानी की बात यह है कि परिवार को यह धमकी उस समय मिली है जब घर की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है। छात्रा के पिता ने प्रशासन की मुस्तैदी पर सवाल उठाते हुए कहा कि घर पर एक चौकीदार और दो कॉन्स्टेबल की मौजूदगी के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर घर के अंदर धमकी भरा पत्र फेंकने में कामयाब रहे। परिजनों ने इसे पुलिस की बड़ी लापरवाही करार दिया है।

पिता का ग्रामीण रंजिश पर शक

धमकी भरे पत्र को लेकर छात्रा के पिता ने अंदेशा जताया है कि इसके पीछे किसी स्थानीय व्यक्ति या ग्रामीण रंजिश का हाथ हो सकता है। उन्होंने बताया कि पहले मिले पर्चे और इस नए पर्चे की लिखावट एक जैसी है। पिता के अनुसार, यह किसी बच्चे से लिखवाया गया लगता है, लेकिन इसके पीछे निश्चित रूप से किसी प्रभावशाली या बड़े व्यक्ति का दिमाग हो सकता है।

पुलिस और प्रशासन का ढुलमुल रवैया

पीड़ित परिवार का आरोप है कि सरकार और प्रशासन सुरक्षा के दावे तो कर रहे हैं, लेकिन हकीकत में वे पूरी तरह निष्क्रिय हैं। पिता ने भावुक होते हुए कहा कि आम जनता असुरक्षित है और उन्हें अब केवल भगवान पर भरोसा है। हालांकि, शकूराबाद थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें इस नई घटना की आधिकारिक जानकारी अभी नहीं मिली है, मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।

जांच के घेरे में 'शंभू गर्ल्स हॉस्टल' मामला

बता दें कि पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला पहले ही काफी पेचीदा हो चुका है। शुरुआती जांच में इसे सामान्य मौत बताने की कोशिश हुई थी, लेकिन पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट में यौन हमले के संकेत मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया। अब लगातार मिल रही धमकियां इस बात की ओर इशारा कर रही हैं कि कोई इस राज को दबाने की कोशिश कर रहा है।

सीबीआई (CBI) की सक्रियता और चुनौती

वर्तमान में इस पूरे केस की कमान सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारी राजीव रंजन संभाल रहे हैं। शनिवार को भी सीबीआई की टीम ने घर के किचन से एक धमकी भरा पत्र बरामद किया था। अब दोबारा मिली इस धमकी ने केंद्रीय एजेंसी के सामने नई चुनौती पेश कर दी है। सीबीआई अब न केवल हत्या की गुत्थी सुलझाने बल्कि परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है।