Bihar News : कैमूर में टला बड़ा हादसा, ब्रेक फेल होने से ई-रिक्शा से टकराई DPS भभुआ की बस, मौके पर मची अफरा-तफरी

Bihar News : कैमूर में मोहनिया-रामगढ़ पथ स्थित डड़वा रेलवे ओवरब्रिज पर डीपीएस भभुआ की एक स्कूली बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित बस ने आगे खड़े एक ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी.....पढ़िए आगे

Bihar News : कैमूर में टला बड़ा हादसा, ब्रेक फेल होने से ई-र
ई रिक्शा से टकराई - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : जिले के मोहनिया-रामगढ़ मुख्य मार्ग स्थित डड़वा रेलवे ओवरब्रिज पर गुरुवार की शाम एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया। दिल्ली पब्लिक स्कूल भभुआ की एक अनियंत्रित स्कूली बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद बस ने आगे खड़े एक ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि दुर्घटना के वक्त ई-रिक्शा में कोई यात्री सवार नहीं था और न ही बस में स्कूली बच्चे मौजूद थे, जिससे एक गंभीर दुर्घटना होने से बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4:20 बजे डीपीएस भभुआ की स्कूली बस (रजिस्ट्रेशन संख्या BR 45P 1315) रामगढ़ की ओर से वापस लौट रही थी। जैसे ही बस डड़वा रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंची, उसका ब्रेक अचानक फेल हो गया। चालक ने सूझबूझ से बस को संभालने की कोशिश की, लेकिन बस ने आगे खड़े ई-रिक्शा में टक्कर मार दी, जिससे बस मौके पर ही रुक सकी।

दुर्घटना के कारण रेलवे ओवरब्रिज पर थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात प्रभावित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और वाहनों का परिचालन बारी-बारी से करवाकर यातायात को सुचारू कराया। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि यदि बस में बच्चे सवार होते या यह घटना चांदनी चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में होती, तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।

घटनास्थल से गुजर रहे स्थानीय नागरिक अनुज कुमार गुप्ता ने निजी स्कूलों में चलने वाली गाड़ियों की सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी निजी स्कूलों की बसों और वैन की फिटनेस, ब्रेक और अन्य जरूरी कागजातों की नियमित रूप से सघन जांच कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मामले की जानकारी देते हुए मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि डड़वा ओवरब्रिज पर स्कूली बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई है। राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

देवब्रत की रिपोर्ट