कैमूर में 'हम' पार्टी की गरीब चौपाल यात्रा: राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन के समक्ष जुटी भारी भीड़, महिलाओं की रही खास भागीदारी
Kaimoor : हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) की ओर से बुधवार को भभुआ शहर स्थित नगर पालिका मैदान में 'गरीब चौपाल' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस यात्रा के क्रम में बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री सह 'हम' पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन कैमूर पहुंचे। कार्यक्रम में जिले भर से हजारों की संख्या में आम नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता अपनी जनसमस्याओं को लेकर पहुँचे, जिनमें महिलाओं की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
मंत्री ने सुनीं आम जनता की समस्याएं, समाधान का दिया भरोसा
'हम' पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मंत्री संतोष कुमार सुमन एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किया। चौपाल के दौरान आम लोगों ने सरकारी योजनाओं में आ रही अड़चनों और स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन मंत्री को सौंपे। मंत्री ने सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
'गरीबों और वंचितों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना मुख्य लक्ष्य'
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि 'हम' पार्टी गरीबों और वंचितों की पार्टी है, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि 'गरीब चौपाल यात्रा' का यह 20वां जिला है और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
उच्च शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक होने की अपील
संतोष कुमार सुमन ने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित करते हुए कहा— "ईश्वर ने केवल इंसान बनाया है, लेकिन जन्म के बाद यहाँ जातियों का विभाजन कर दिया गया। इससे निराश होने की आवश्यकता नहीं है। मैं आप सभी गरीब और पिछड़े परिवार के लोगों से अपील करता हूँ कि अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाएँ। जब वे शिक्षित बनेंगे, तभी अपने अधिकारों और हक के प्रति जागरूक हो सकेंगे।"
वरिष्ठ नेताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, राष्ट्रीय सचिव कमलेश कुमार सिंह, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राजेश पांडे, जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
देवव्रत की रिपोर्ट