SIR के खिलाफ इंडिया गठबंधन का विरोध प्रदर्शन : मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला, जमकर की नारेबाजी

SIR के खिलाफ इंडिया गठबंधन का विरोध प्रदर्शन : मुख्य चुनाव आ
SIR के खिलाफ इंडिया गठबंधन का विरोध प्रदर्शन- फोटो : देवव्रत

Kaimoor : जिले के मोहनियां में वोट चोरी और मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) से जुड़ी अनियमितताओं को लेकर 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। राज्यव्यापी आंदोलन के तहत एकजुट हुए कार्यकर्ताओं ने इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाला तथा जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया।


11 करोड़ गायब वोटरों का हिसाब दे सरकार: कांग्रेस जिलाध्यक्ष 

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कैमूर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देशभर में कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में 1.5 करोड़ मतदाताओं को मृत और 2 करोड़ लोगों को स्थान परिवर्तित बताया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि 14 करोड़ वोटरों में से गायब हुए शेष 11 करोड़ मतदाताओं का हिसाब आज तक भाजपा सरकार या चुनाव आयोग ने नहीं दिया है, जिसके विरोध में यह राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन किया जा रहा है।


'वोट चोरी कर लोकतंत्र की हत्या कर रही भाजपा': राजद 

वहीं राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कैमूर जिलाध्यक्ष अकलू राम ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने पारदर्शिता की अनदेखी कर लोकतंत्र की हत्या की है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश के हर नागरिक को वोट का समान अधिकार दिया था, लेकिन पहले गरीबों व कमजोर वर्गों को वोट डालने से रोका जाता था और अब वोट चोरी करके सत्ता में बने रहने की कोशिश की जा रही है।


संविधान और वोट के अधिकार की रक्षा तक जारी रहेगा आंदोलन 

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक चुनाव आयोग मतदाता सूची में हुए इन बदलावों और गड़बड़ियों पर पारदर्शी जवाब नहीं देता तथा मुख्य चुनाव आयुक्त पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, तब तक इंडिया गठबंधन का यह आंदोलन सड़क से लेकर सदन तक चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।


देवव्रत की रिपोर्ट