Kaimur Chhath Puja: छठ पूजा को लेकर मोहनिया प्रशासन अलर्ट, घाटों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल रहेंगे तैनात

Kaimur Chhath Puja: कैमूर के मोहनिया में छठ पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। सभी घाटों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और गोताखोर तैनात होंगे। सुरक्षा के लिए 100 अतिरिक्त जवान बुलाए गए हैं।

Kaimur Chhath Puja

Kaimur Chhath Puja: बिहार के कैमूर जिले में छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को लेकर मोहनिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा हुई।


बैठक में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, छठ पूजा समितियों के अध्यक्ष और सदस्य सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता मोहनिया एसडीएम और डीएसपी के नेतृत्व में की गई।


हर छठ घाट पर तैनात होंगे मजिस्ट्रेट और पुलिस बल


मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने बताया कि छठ पर्व के दौरान सभी घाटों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। हर घाट पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरों से भी घाटों की निगरानी होगी। उन्होंने बताया कि इस बार घाटों पर पटाखे छोड़ने वालों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। छठ पूजा समितियों के अध्यक्ष और सदस्यों को पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।


घाटों पर गोताखोर और तैराक रहेंगे तैनात


प्रशासन की ओर से यह भी व्यवस्था की जा रही है कि छठ व्रतियों को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। सभी छठ घाटों पर गोताखोरों और तैराकों की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।


सुरक्षा के लिए बुलाए गए 100 अतिरिक्त पुलिस जवान


मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्ण ने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए 100 अतिरिक्त पुलिस जवानों को बुलाया गया है। जरूरत पड़ने पर और भी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इस बार सभी छठ घाटों पर महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी। इससे घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।


प्रशासन ने लोगों से की सहयोग की अपील


डीएसपी गोपाल कृष्ण ने छठ पूजा समितियों और आम लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं।

कैमूर से देव तिवारी की रिपोर्ट