Bihar News : कैमूर पुलिस ने शराबबंदी को लेकर की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ की विदेशी शराब पर चलाया बुलडोजर

Bihar News : कैमूर जिले में मोहनियां चेक पोस्ट पर जब्त की गई करीब ₹1 करोड़ मूल्य की 8,344 लीटर विदेशी शराब पर बुल्डोजर चलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया......पढ़िए आगे

Bihar News : कैमूर पुलिस ने शराबबंदी को लेकर की बड़ी कार्रवाई
शराब पर चला बुलडोजर - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करने की दिशा में कैमूर जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मोहनियां चेक पोस्ट पर जब्त की गई करीब ₹1 करोड़ मूल्य की 8,344 लीटर विदेशी शराब पर बुल्डोजर चलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। शराब नष्ट होते ही चेक पोस्ट के आसपास की सड़कों पर हजारों लीटर शराब बहती हुई नजर आई।

जिलाधिकारी के आदेश पर हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई कैमूर के जिलाधिकारी कुमार अनुराग के स्पष्ट निर्देशों के तहत संपन्न कराई गई। बिहार में लागू शराबबंदी कानून के प्रावधानों के अनुसार, पुलिस और उत्पाद विभाग द्वारा जब्त की गई शराब को जिलाधिकारी के आदेश के बाद ही नष्ट किया जाता है। कार्रवाई के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी।

वाहन जांच के दौरान पकड़ी गई थी भारी खेप

उत्पाद विभाग और जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान इस अवैध शराब की बड़ी खेप को जब्त किया गया था। इस मामले में पुलिस ने केस संख्या 417/26 दर्ज किया था। अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय बाजार में नष्ट की गई इस विदेशी शराब की कुल कीमत लगभग ₹1 करोड़ आंकी गई है।

उत्पाद प्रभारी ने दी विस्तृत जानकारी

मोहनियां चेक पोस्ट के उत्पाद विभाग प्रभारी संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि कांड संख्या 417/26 में जब्त की गई 8,344 लीटर शराब को जिलाधिकारी के निर्देशानुसार नष्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि जेसीबी और बुल्डोजर के माध्यम से मजिस्ट्रेट की प्रत्यक्ष मौजूदगी में पूरी शराब को जमींदोज कर दिया गया।

जिले के अन्य थानों में भी चला अभियान

केवल मोहनियां चेक पोस्ट ही नहीं, बल्कि कैमूर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जब्त शराब को भी एक साथ विनष्ट किया गया। जिलाधिकारी के आदेश पर भभुआ, मोहनियां, चांद, रामगढ़ और दुर्गावती थाना क्षेत्रों में अलग-अलग मामलों में पकड़ी गई अवैध शराब को नियमानुसार नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की गई।

देवब्रत की रिपोर्ट