अनियंत्रित डंपर ने 9वीं की छात्रा को रौंदा, मौके पर मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

बिहार में रफ्तार का कहर थमने का नाम नही ले रहा। आज एकबार तेज रफ्तार ने एक नाबालिग बच्ची की जान ले ली। साइकिल से स्कूल जा रही 12 वर्षीय छात्रा को तेज रफ्तार डंपर ने रौंद डाला। घटना में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई.....

अनियंत्रित डंपर ने 9वीं की छात्रा को रौंदा, मौके पर मौत; आक्
सड़क दुर्घटना में बच्ची की मौत- फोटो : देवव्रत

Kaimoor : जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलौंधा मोड़ के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय कटरा कलां में 9वीं कक्षा की 12 वर्षीय छात्रा खुशी कुमारी रोज की तरह साइकिल से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान गिट्टी लदे एक अनियंत्रित डंपर ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका कैथियां गांव की रहने वाली थी। हादसे के बाद डंपर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया और चालक मौके से फरार हो गया, जबकि छात्रा का शव सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।


हादसे के बाद सड़क पर पलटा डंपर, ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर लगाया जाम 

घटना की खबर फैलते ही कैथियां और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने उचित मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसमें कई एंबुलेंस भी फंसी रहीं। घटना के बाद इलाके में परिजनों के क्रंदन से मातमी सन्नाटा और आक्रोश का माहौल कायम हो गया।


मोहनिया और कुदरा पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारी, स्थिति को कराया नियंत्रित 

सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना प्रभारी आलोक कुमार, कुदरा प्रखंड विकास पदाधिकारी शांभवी श्रीवास्तव, मोहनिया बीडीओ तथा स्थानीय पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से बात की और नियमानुसार सहायता दिलाने का आश्वासन देकर स्थिति को संभाला।


प्रशासन ने मृतका के पिता को दिया 20 हजार का चेक, दो घंटे बाद बहाल हुआ यातायात 

कुदरा बीडीओ शांभवी श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क हादसे में छात्रा की मौत के बाद ग्रामीण अनुदान राशि की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आपदा प्रबंधन के तहत नियमानुसार 20 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि का चेक मृतका के पिता को तुरंत सौंप दिया गया है। प्रशासनिक आश्वासन और त्वरित आर्थिक सहायता मिलने के लगभग दो घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, डंपर जब्त कर जांच शुरू 

जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने छात्रा के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक व कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

देवव्रत की रिपोर्ट