ट्रैफिक पुलिस के चालान से नाराज बाइक सवार ने रोका पथ निर्माण मंत्री का काफिला, बीच सड़क पर धरने पर बैठा युवक

कैमूर जिले में ट्रैफिक पुलिस द्वारा बाइक का चालान काटे जाने से आक्रोशित एक बाइक सवार ने अभूतपूर्व विरोध दर्ज कराया। युवक ने पटना जा रहे पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र की गाड़ी के ठीक आगे अपनी बाइक खड़ी कर काफिले को रोक दिया.....

ट्रैफिक पुलिस के चालान से नाराज बाइक सवार ने रोका पथ निर्माण
बाइक सवार का गजब का विरोध - फोटो : देवव्रत

Kaimoor : जिले के मोहनिया स्थित चांदनी चौक के समीप सोमवार शाम ट्रैफिक पुलिस द्वारा बाइक का चालान काटे जाने से आक्रोशित एक बाइक सवार ने अभूतपूर्व विरोध दर्ज कराया। युवक ने पटना से भभुआ जा रहे बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र की गाड़ी के ठीक आगे अपनी बाइक खड़ी कर काफिले को रोक दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर हड़कंप मच गया और सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए।


सुरक्षाकर्मियों ने हटाई बाइक, तब आगे बढ़ा मंत्री का काफिला 

मंत्री के वाहन के आगे अचानक बाइक आ जाने से काफिला कुछ देर के लिए थम गया। मंत्री के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल बाइक को रास्ते से हटाया, जिसके बाद मंत्री की गाड़ी आगे निकल सकी। हालांकि, मंत्री का काफिला गुजरने के तुरंत बाद नाराज युवक ने दोबारा अपनी बाइक सड़क के बीचो-बीच खड़ी कर दी और खुद ट्रैफिक व्यवस्था के खिलाफ धरने पर बैठ गया।


दुकान के बाहर खड़ी बाइक का काटा गया था चालान 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनिया प्रखंड के बेलौड़ी गांव निवासी बिट्टू कुमार पटेल भभुआ रोड में स्थित अपनी दुकान के बाहर बाइक खड़ी कर अंदर मौजूद थे। इसी दौरान गश्त कर रही ट्रैफिक पुलिस ने अवैध पार्किंग का हवाला देते हुए उनकी बाइक का चालान काट दिया। शाम करीब 6 बजे जब पथ निर्माण मंत्री का काफिला चांदनी चौक से गुजर रहा था, तो बिट्टू ने अपना गुस्सा जाहिर करने के लिए मंत्री की गाड़ी के आगे अपनी बाइक अड़ा दी।


"कहीं पार्किंग नहीं, फिर भी कट रहा चालान": पीड़ित युवक 

विरोध जता रहे बिट्टू कुमार पटेल ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने अपनी दुकान के पास नियमानुसार बाइक खड़ी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में प्रशासन द्वारा कहीं भी वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है, फिर भी ट्रैफिक पुलिस आम लोगों का जबरन चालान काट रही है। युवक के अनुसार, जब उसने मंत्री से शिकायत की तो उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया।


मौके पर पहुंचे ट्रैफिक थानाध्यक्ष, पुलिस मामले की जांच में जुटी 

घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी और थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया। ट्रैफिक पुलिस के सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक ने मंत्री के वाहन के आगे अचानक बाइक खड़ी कर दी थी, जिसे समय रहते हटा दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


देवव्रत की रिपोर्ट