कटिहार में 5 वर्षीय मासूम को जहरीले सांप ने डसा, परिवार में मचा कोहराम
घायल बच्चे की पहचान पूर्णिया निवासी विवेक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार विवेक अपनी मां के साथ एक दिन पहले ही कटिहार के देवकीपुर गांव स्थित नाना-नानी के घर गर्मी की छुट्टियां बिताने आया था।
बिहार के कटिहार जिले में गर्मी की छुट्टियां मनाने नाना-नानी के घर आए एक पांच वर्षीय मासूम को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में बच्चे को तत्काल कटिहार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका इलाज शुरू किया और उसकी जान बचाने में सफल रही। हालांकि बच्चे की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
घायल बच्चे की पहचान पूर्णिया निवासी विवेक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार विवेक अपनी मां के साथ एक दिन पहले ही कटिहार के देवकीपुर गांव स्थित नाना-नानी के घर गर्मी की छुट्टियां बिताने आया था। सोमवार सुबह वह घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक एक जहरीले सांप ने उसके पैर में डस लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सांप के डसते ही बच्चा घबरा गया, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए सांप को पकड़कर दूर फेंक दिया। इस दौरान सांप का एक दांत बच्चे के पैर में फंस गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने भी सतर्कता दिखाते हुए सांप को भागने नहीं दिया। काफी मशक्कत के बाद सांप को पकड़कर एक बाल्टी में बंद कर दिया गया, ताकि चिकित्सकों को उसकी पहचान करने में आसानी हो और उसी के अनुरूप इलाज किया जा सके।
कटिहार सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि बच्चे को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे उसकी जान बचाने में मदद मिली। फिलहाल उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं बेटे की हालत को लेकर उसकी मां गहरे सदमे में है और परिवार के अन्य सदस्य भी चिंतित हैं।
इस घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश और मानसून के मौसम के दौरान सांपों से सावधानी बरतने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत मरीज को नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं।
श्याम की रिपोर्ट