Bihar News : कटिहार में बालू माफियाओं पर प्रशासन ने कसा शिकंजा, 16 हाइवा और पोकलेन किया जब्त, 4 दिन में वसूला 1 करोड़ से अधिक का जुर्माना
Bihar News : कटिहार में अवैध खनन के विरुद्ध जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। इसी कड़ी में 16 हाईवा और एक पोकलेन को स्थानीय पुलिस प्रशासन और अंचलाधिकारी ने जप्त किया है.....पढ़िए आगे
KATIHAR : बिहार में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत कटिहार जिला प्रशासन को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के बरारी थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस प्रशासन और अंचलाधिकारी की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध मिट्टी खनन और ओवरलोडिंग में शामिल 16 भारी हाइवा ट्रकों और एक पोकलेन मशीन को रंगे हाथों जब्त कर लिया है। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से इलाके के खनन माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
कटिहार के जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने इस बड़ी कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले के भीतर किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को लगातार सूचना मिल रही थी कि बरारी, मनिहारी और कुर्सेला समेत गंगा व कोसी के तटीय इलाकों में माफिया सक्रिय हैं, जो अवैध रूप से मिट्टी और बालू का खनन कर गाड़ियों में ओवरलोडिंग कर परिवहन कर रहे हैं। इसी इनपुट के आधार पर बरारी में विशेष टीम भेजकर यह बड़ी जब्ती की गई है। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा की"जिले में अवैध खनन के सिंडिकेट को पूरी तरह ध्वस्त किया जा रहा है। पिछले महज चार दिनों के भीतर की गई ताबड़तोड़ छापेमारी और कार्रवाई से करीब 01 करोड़ रुपए से अधिक की जुर्माना राशि (राजस्व) वसूली गई है।"
जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध खनन के विरुद्ध चलाया जा रहा यह विशेष अभियान सिर्फ यहीं नहीं रुकने वाला है, बल्कि आने वाले दिनों में भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि इस धंधे में शामिल गाड़ी मालिकों, चालकों और खनन माफियाओं को चिन्हित किया जा रहा है और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बरारी और आसपास के इलाकों में अवैध खनन के कारण न सिर्फ सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा था, बल्कि ओवरलोडेड हाइवा ट्रकों की वजह से ग्रामीण सड़कें भी पूरी तरह जर्जर हो रही थीं। आए दिन होने वाले हादसों से त्रस्त स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस कड़ी और त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे माफियाओं के हौसले पस्त होंगे।
श्याम की रिपोर्ट