Bihar News: ANM कॉलेज में छात्राओं का हंगामा, शिक्षिका पर लगया गंभीर आरोप, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

Bihar News: ट्रेनिंग कॉलेज में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब बड़ी संख्या में छात्राओं ने शिक्षिका कीर्तिमान मनीषी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

Bihar News: ANM कॉलेज में छात्राओं का हंगामा, शिक्षिका पर लग
छात्राओं का फूटा गुस्सा- फोटो : SOCIAL MEDIA

Katihar: जिले के मनिहारी स्थित एएनएम ट्रेनिंग कॉलेज में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब बड़ी संख्या में छात्राओं ने शिक्षिका कीर्तिमान मनीषी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। नाराज छात्राओं ने आरोप लगाया कि शिक्षिका का व्यवहार उनके प्रति अनुचित और अपमानजनक है, जिससे वे लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थीं।

आक्रोशित छात्राओं ने अपनी मांगों को लेकर मनिहारी–कटिहार मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और सड़क पर उतरकर जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन के कारण मुख्य सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और राहगीरों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया, जिसके बाद मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। छात्राओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित पर सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। मौके पर पहुंचे एसडीएम त्रिलोकीनाथ सिंह ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्राएं शांत हुईं और कई घंटों बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया।

इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा रहा। प्रशासन ने कहा है कि छात्राओं की शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षिका के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन छात्राओं के विरोध ने संस्थान की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह