Bihar Politics:बिहार में कांग्रेस का कोल्ड वॉर! तारिक अनवर पर अपनों का हमला, शकील अहमद खान के संगीन आरोपों से सियासी भूचाल

Bihar Politics: बिहार कांग्रेस में इन दिनों हलचल, बेचैनी और अंदरूनी बगावत की आहट साफ सुनाई दे रही है।...

Bihar Congress Rift Tariq Anwar vs Shakeel Ahmad Khan
बिहार में कांग्रेस का कोल्ड वॉर! - फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार कांग्रेस में इन दिनों हलचल, बेचैनी और अंदरूनी बगावत की आहट साफ सुनाई दे रही है। हैरत की बात यह है कि हमला विपक्ष की तरफ़ से नहीं, बल्कि अपने ही कुनबे से हो रहा है। कटिहार सासंद तारिक अनवर पर अब उनकी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान ने तीखा और संगीन हमला बोल दिया है।

पूर्व विधायक दल के नेता रहे शकील अहमद खान ने दो टूक कहा कि तारिक अनवर पिछले 40 सालों से कटिहार की अवाम के लिए कोई ठोस काम नहीं कर पाए। उन्होंने इल्ज़ाम लगाया कि न तो वे जनता के मसलों पर सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करते हैं और न ही पार्टी कार्यकर्ताओं की परवाह करते हैं। इतना ही नहीं, सांसद निधि से होने वाले कार्यों में ऊंचे दर पर कमीशन लेने और काम को दूसरे दलों के लोगों को देने का भी आरोप जड़ दिया।

शकील ने यह भी कहा कि पार्टी द्वारा चुने गए एक दलित प्रदेश अध्यक्ष को बेवजह निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने पुराने ज़ख्म कुरेदते हुए याद दिलाया कि कभी तारिक अनवर ने सोनिया गांधी को विदेशी मूल का बताकर सवाल खड़े किए थे, मगर कांग्रेस ने बड़े दिल का परिचय देते हुए उन्हें माफ कर दिया। अब वही नेता पार्टी नेतृत्व पर उंगली उठा रहे हैं।

इशारों-इशारों में हाई मास्क लाइट परियोजना में 45 प्रतिशत कमीशन लेने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। हालांकि दिल्ली में मौजूद तारिक अनवर ने इन आरोपों पर “नो कमेंट” कहकर चुप्पी साध ली है।

इस सियासी जंग के बीच भारतीय जनता पार्टी और एनडीए खेमे में खुशी का माहौल बताया जा रहा है। भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के दोनों दिग्गज जनता की अदालत में बेनकाब हो चुके हैं।

एक तरफ देशभर में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के दावे किए जा रहे हैं, तो दूसरी ओर अपने ही घर में उठता यह तूफान पार्टी की साख पर सवाल खड़ा कर रहा है। क्या यह अंदरूनी संग्राम कांग्रेस को कमजोर करेगा या कोई नई सियासी करवट लेगा अब निगाहें कटिहार की राजनीति पर टिकी हैं।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह