Bihar crime: कटिहार में लूट का विरोध पड़ा भारी! युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

Bihar crime: कटिहार के गौरीपुर बांध पर लूट का विरोध करने पर युवक को गोली मारी गई। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी।

 Bihar crime
कटिहार में अपराध बेलगाम- फोटो : news4nation

 Bihar crime:  कटिहार जिले के रोशना थाना क्षेत्र के गौरीपुर बांध पर आज शाम एक बड़ी घटना सामने आई, जिससे इलाके में डर का माहौल बन गया। लूट के इरादे से आए दो बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।n घायल युवक की पहचान 20 वर्षीय राजेश कुमार यादव के रूप में हुई है, जो अहमदाबाद थाना क्षेत्र के सूरापुर गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह अपने नानी के घर गौरीपुर गांव आया हुआ था।

शाम के समय राजेश एक ठेकेदार से पैसे लेने गया था। जब वह पैसे लेकर बाइक से अपने नाना के घर लौट रहा था, तभी रास्ते में यह घटना हो गई।जानकारी के अनुसार, जैसे ही वह गौरीपुर बांध के रास्ते से गुजर रहा था, वहां पहले से छिपे दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। दोनों ने हथियार दिखाकर उससे पैसे और मोबाइल देने को कहा।राजेश ने इसका विरोध किया और वहां से निकलने की कोशिश की। इसी दौरान एक बदमाश ने पिस्तौल से गोली चला दी। गोली उसके बाएं जांघ में लगी और शरीर के अंदर ही फंस गई, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।

घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल

घायल होने के बावजूद राजेश ने हिम्मत नहीं हारी। उसने किसी तरह अपनी बाइक स्टार्ट की और वहां से निकलकर सीधे अपने नाना के घर पहुंच गया। परिवार के लोगों ने उसे तुरंत पास के उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अभी उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। इस घटना के बाद इलाके में डर और तनाव का माहौल है। वहीं रोशना थाना में इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है और अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है।

कटिहार से श्याम सिंह की रिपोर्ट