Bihar Land Scam: रजिस्ट्री ऑफिस के रिकॉर्ड बदलकर बेची जा रही जमीनें, पकड़ा गया बिहार का सबसे बड़ा जमीन रैकेट, पुलिस को भेजी पूरी रिपोर्ट
Bihar Land Scam: बिहार में जमीन की हेराफेरी और रजिस्ट्री कार्यालयों के रिकॉर्ड में सेंधमारी करने वाले गिरोह का जाल अब कटिहार से निकलकर गया तक फैल गया है।
Bihar Land Scam: बिहार में जमीन की हेराफेरी और रजिस्ट्री कार्यालयों के रिकॉर्ड में सेंधमारी करने वाले गिरोह का जाल अब कटिहार से निकलकर गया तक फैल गया है। कटिहार पुलिस द्वारा हाल ही में किए गए खुलासे के बाद ठगी के शिकार हुए लोग अब सामने आने लगे हैं। इस पूरे घटनाक्रम में जीरो एफआईआर और रिकॉर्ड रूम के साथ हुई छेड़छाड़ ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
दस्तावेजों की कूटरचना और रिकॉर्ड रूम में सेंधमारी का गंभीर मामला माना जा रहा है। कटिहार के रजिस्ट्री ऑफिस से शुरू हुआ यह खेल पूरे बिहार के कई जिलों में फैला है। भू-माफिया का यह गिरोह न सिर्फ पुराने रिकॉर्ड बदलकर जमीन की दोबारा रजिस्ट्री करवाता था, बल्कि राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से अवैध मोटेशन यानी दाखिल-खारिज भी करा लेता था।
कटिहार में भू-माफियाओं की गिरफ्तारी की खबर सुनकर गया जिले के कई पीड़ित कटिहार पहुंचे हैं। इन लोगों का आरोप है कि कटिहार वाले इसी गिरोह ने उनके साथ भी करोड़ों की ठगी की है। पीड़ितों ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कटिहार एसपी ने जीरो एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है, जिसे बाद में संबंधित जिले (गया) को ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
पुलिस अब इस सिंडिकेट के मास्टरमाइंड और रजिस्ट्री ऑफिस के उन कर्मचारियों की तलाश में है जिन्होंने रिकॉर्ड रूम की सुरक्षा में सेंध लगाने में मदद की। इस मामले में पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों और पुराने रजिस्टरों की हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से जांच कराने की तैयारी में है।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह