Bihar Traffic Police: हाईवे पर खतरनाक स्टंट! बाइक पर बच्चों को बैठाकर जान से खिलवाड़ करता युवक, पुलिस ने शुरू की जांच

Bihar Traffic Police: कटिहार में एक बार फिर सड़क सुरक्षा को चुनौती देता हुआ हैरान करने वाला मामला सामने आया है।

Dangerous Highway Stunt With Children on Bike Police Launch
हाईवे पर खतरनाक स्टंट! - फोटो : reporter

Bihar Traffic Police: कटिहार में एक बार फिर सड़क सुरक्षा को चुनौती देता हुआ हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कटिहार-मनिहारी नेशनल हाईवे पर एक युवक का खतरनाक स्टंटबाजी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों में गुस्सा और चिंता दोनों बढ़ा दी है।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक तेज रफ्तार बाइक चला रहा है और बीच सड़क पर जानलेवा स्टंट कर रहा है। कभी वह बाइक का अगला पहिया हवा में उठाकर व्हीली करता नजर आता है, तो कभी बिना किसी सुरक्षा के तेज रफ्तार में सड़क पर नियंत्रण खोता हुआ दिखाई देता है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि बाइक पर छोटे-छोटे बच्चे भी बैठे हुए हैं, जिनकी जान पूरी तरह खतरे में नजर आ रही है।

इस खतरनाक हरकत ने न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा को भी गंभीर खतरे में डाल दिया है। वीडियो में बैकग्राउंड में बज रहे अश्लील गाने ने भी लोगों का गुस्सा और बढ़ा दिया है, जिससे सामाजिक मर्यादा पर भी सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे स्टंटबाज युवकों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की लापरवाही करने की हिम्मत न कर सके। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वीडियो में दिख रहे युवक की तुरंत पहचान कर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कटिहार ट्रैफिक पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि आखिर युवा पीढ़ी सड़क को खेल का मैदान कब तक बनाती रहेगी? और क्या सोशल मीडिया की लाइक्स और व्यूज की दौड़ में जान जोखिम में डालना अब एक नया ट्रेंड बनता जा रहा है?

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह