Bihar News : कटिहार में पूर्व जिप अध्यक्ष ने पुलिस पर किया हमला, पति की गिरफ्तारी को बताया राजनीतिक साजिश, दो सौ बीघा फसल बर्बादी और रंगदारी का है आरोप
KATIHAR : बिहार–झारखंड सीमावर्ती इलाके में फसल क्षति और रंगदारी के आरोप को लेकर कटिहार मनिहारी थाना पुलिस ने बघार पंचायत के सरपंच रामनिवास यादव उर्फ पागल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने रविवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में कटिहार भेज दिया।
जानकारी के अनुसार 9 मार्च की देर रात बिहार–झारखंड की सीमा से सटे कांटाकोश और रामनगर क्षेत्र में करीब 200 बीघा में लगी फसल को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में किसान रामगोपाल यादव सहित कई किसानों ने मनिहारी थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि सरपंच रामनिवास यादव उर्फ पागल यादव ने रंगदारी की मांग को लेकर उनकी फसल को नुकसान पहुंचाया। किसानों ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसी के आरोप में सरपंच को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
गिरफ्तारी के बाद सरपंच रामनिवास यादव उर्फ पागल यादव ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को साजिश बताते हुए कहा कि पंचायत चुनाव नजदीक होने के कारण उन्हें राजनीतिक रूप से फंसाया जा रहा है और उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। वहीं उनकी पत्नी और कटिहार की पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष अंजली देवी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस ने उनके पति को मनिहारी थाना बुलाकर गलत तरीके से गिरफ्तार किया है।
उनका कहना है कि घटना झारखंड क्षेत्र की है और उनके पति को साजिश के तहत फंसाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
श्याम की रिपोर्ट