Bihar News : कटिहार में खौफनाक वारदात, बाइक सर्विसिंग के मामूली विवाद में गैरेज संचालक को सिर में मारी गोली, हालत नाजुक

Bihar News : कटिहार में खौफनाक वारदात, बाइक सर्विसिंग के माम

KATIHAR : बिहार के कटिहार जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी करीमुल्लापुर पंचायत से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ महज बाइक सर्विसिंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि एक असंतुष्ट ग्राहक ने आपा खोते हुए गैरेज संचालक के सिर में गोली मार दी। इस अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बाजार में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।

घटना के संबंध में गैरेज स्टाफ शेख मुबारक ने बताया कि संचालक मोहम्मद साबिर ने एक ग्राहक की अपाची मोटरसाइकिल की सर्विसिंग की थी। सर्विसिंग के बाद जब ग्राहक बाइक लेने पहुँचा, तो वह काम से संतुष्ट नहीं था। इसी बात को लेकर मोहम्मद साबिर और ग्राहक के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ग्राहक ने तैश में आकर अवैध हथियार निकाला और सीधे साबिर के सिर को निशाना बनाकर गोली दाग दी।

गोली लगते ही मोहम्मद साबिर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल को तुरंत अमदाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन गोली सिर में होने और स्थिति अत्यंत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। फिलहाल साबिर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

वारदात की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विनोद कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने गैरेज स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश नहीं, बल्कि मौके पर उपजा मामूली विवाद ही मुख्य कारण था। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू कर दी है। सरेशाम हुई इस गोलीबारी से स्थानीय व्यवसायियों में असुरक्षा का भाव है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। प्रशासन ने दावा किया है कि जल्द ही अपराधी सलाखों के पीछे होगा। 

श्याम की रिपोर्ट