कटिहार में भीषण सड़क हादसा, 50 यात्रियों से भरी बस और कार में जोरदार भिड़ंत, दिल दहलाने वाला मंजर
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस एनएच-31 पर ही पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए
Road Accidnet in Katihar : कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के एनएच-31 पर जुराबगंज के समीप शनिवार अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक यात्री बस और कार की आमने-सामने टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार लगभग 50 यात्रियों में से 35 लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया और स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस गेड़ाबाड़ी से पूर्णिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस एनएच-31 पर ही पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया।
कई की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना अध्यक्ष पंकज आनंद अपने दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस की सक्रियता से घायलों को तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोढ़ा पहुंचाया गया। वहां सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में 12 लोगों की स्थिति गंभीर पाई गई, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, शेष 23 घायलों की हालत प्राथमिक उपचार के बाद स्थिर बताई जा रही है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई या निगरानी में रखा गया है। कार में सवार व्यक्ति भी इस हादसे में घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पूर्णिया रेफर किया गया।
नालंदा से पश्चिम बंगाल का सफर
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि बस नालंदा से पश्चिम बंगाल की ओर जा रही थी और बीच रास्ते में यह हादसा हो गया। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद एनएच-31 पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। सड़क के बीचों-बीच पलटी बस के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए थाना अध्यक्ष पंकज आनंद ने तत्परता दिखाते हुए जेसीबी मशीन मंगवाई और बस को सड़क से हटाकर किनारे लगवाया। इसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारू किया गया।। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में पुलिस का सहयोग किया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस प्रशासन की तत्परता के कारण समय रहते सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सका, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। वहीं, अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस घटना ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।
श्याम की रिपोर्ट