Bihar ANM School: एएनएम स्कूल में नियमों की उड़ रही धज्जियां, 85 छात्राओं पर सिर्फ एक शिक्षक और बुनियादी सुविधाएं शून्य

Bihar ANM School: सदर अस्पताल परिसर में स्थित एएनएम स्कूल में भव्य भवन बनने के बावजूद छात्राओं को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई करनी पड़ रही है।

Katihar ANM School Faces Severe Infrastructure Shortages
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही- फोटो : reporter

Bihar ANM School: सदर अस्पताल परिसर में स्थित एएनएम स्कूल में भव्य भवन बनने के बावजूद छात्राओं को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई करनी पड़ रही है। कटिहार जिले से स्वास्थ्य शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। 

करीब तीन साल पहले इस एएनएम स्कूल के लिए एक आधुनिक भवन का निर्माण किया गया था, लेकिन उस भवन में स्वास्थ्य विभाग का दवा भंडार और कई कार्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इसके कारण नर्सिंग छात्राओं के लिए निर्धारित कक्षाओं और सुविधाओं का उपयोग सही ढंग से नहीं हो पा रहा है।

इस स्कूल में दो सेमेस्टर मिलाकर लगभग 85 छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन उनके लिए न तो नहाने की उचित व्यवस्था है और न ही रहने व भोजन की समुचित सुविधा उपलब्ध है। छात्राएं मजबूरी में कठिन परिस्थितियों के बीच डिग्री हासिल करने के लिए पढ़ाई जारी रखे हुए हैं।

सबसे गंभीर स्थिति शिक्षण व्यवस्था की है, जहां पूरे स्कूल में केवल एक ही शिक्षक कार्यरत हैं, जो प्रिंसिपल की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। ऐसे में 85 छात्राओं की पढ़ाई का पूरा भार एक ही व्यक्ति पर है, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

आरोप है कि यह पूरा संस्थान इंडियन नर्सिंग काउंसिल के नियमों को दरकिनार कर संचालित किया जा रहा है। नियमों के अनुसार नर्सिंग संस्थानों में पर्याप्त शिक्षक, बुनियादी सुविधाएं और छात्रावास की व्यवस्था अनिवार्य होती है, लेकिन यहां स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है।

छात्राओं का कहना है कि वे बेहतर भविष्य के सपने के साथ यहां आई हैं, लेकिन सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

स्वास्थ्य विभाग की इस लापरवाही को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर करोड़ों की लागत से बने भवन का उपयोग सही उद्देश्य के लिए क्यों नहीं हो रहा है और छात्राओं के भविष्य के साथ समझौता क्यों किया जा रहा है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह