Bihar Crime: पति को मारने आए थे हमलावर, बीवी को उतार दिया मौत के घाट, पिस्टल छोड़कर हो गए फरार
Bihar Crime: पति को मारने आए थे हमलावर, बीवी को समझकर उतार दिया मौत के घाट, पिस्टल छोड़ फरार
KATIHAR : कटिहार के बरारी थाना क्षेत्र के मोहना चांदपुर में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। नकाबपोश बदमाश आधी रात घर में घुसे और गोलियों की तड़तड़ाहट से सन्नाटा चीर दिया। उनका निशाना था एहतेशाम हुसैन, लेकिन अंधेरे और हड़बड़ी में उन्होंने उनकी पत्नी को ही मौत के घाट उतार दिया।
मृतका की पहचान शरीफा खातून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। बदमाश सीधे उस कमरे में दाखिल हुए जहां शरीफा खातून सोई थीं। उन्हें एहतेशाम समझकर बेहद करीब से गोली दाग दी गई। गोली लगते ही शरीफा खातून ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद घर में कोहराम मच गया। एहतेशाम हुसैन ने जब शोर मचाया और विरोध किया तो हमलावर घबरा गए। अफरातफरी में वे अपनी पिस्टल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। घटना की खबर मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल बरामद कर ली है और फॉरेंसिक जांच की तैयारी शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में छापेमारी और नाकेबंदी कर दी गई है।
एहतेशाम हुसैन का आरोप है कि पारिवारिक रंजिश के चलते उन्हें पहले भी एक पुराने मुकदमे में फंसाया गया था। उनका कहना है कि साली और साढ़ू की साजिश के तहत इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर एंगल से तहकीकात जारी है। मोहना चांदपुर की गलियों में मातम पसरा है। एक मासूम जान की कीमत पर चली इस साजिश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही नकाबपोश बदमाशों को बेनकाब कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह