Bihar News: डीएम आशुतोष द्विवेदी बने गुरु जी, ब्लैकबोर्ड पर बच्चों को पढ़ाया पाठ, कटिहार में दिखा अनोखा नजारा
Bihar News:सूबे के प्रशासनिक गलियारों से अलग,जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जब महकमे की फाइलों से वक्त निकालकर सीधे क्लासरूम का रुख किया,एक बेहतरीन मिसाल सामने आ गई।...
Bihar News:कटिहार के आजमनगर स्थित आर.के. उच्च विद्यालय परिसर में चलने वाले सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल में गुरुवार को एक दिल को छू लेने वाला और अनूठा मंजर देखने को मिला। सूबे के प्रशासनिक गलियारों से अलग, जिले के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जब महकमे की फाइलों से वक्त निकालकर सीधे क्लासरूम का रुख किया, तो शिक्षा और शिक्षक के तौर-तरीकों की एक बेहतरीन मिसाल सामने आ गई।
बने 'गुरु जी', ब्लैकबोर्ड पर की पढ़ाई
निरीक्षण के दौरान डीएम आशुतोष द्विवेदी सिर्फ एक अफसर की हैसियत से नहीं, बल्कि एक शिक्षक की तरह कक्षाओं के भीतर पहुंचे। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई की तैयारी का जायजा लेने के लिए खुद ब्लैकबोर्ड संभाला और बच्चों को सबक पढ़ाया। डीएम साहब ने न सिर्फ बच्चों से उनके पाठ्यक्रम से जुड़े कई पेचीदा सवाल पूछे, बल्कि उनकी जिज्ञासाओं और शिक्षा से जुड़ी उलझनों को भी बड़े ही शालीनता से हल किया। बच्चों ने भी पूरे जोश और उत्साह के साथ उनके सवालों के जवाब दिए, जिससे क्लासरूम का माहौल बेहद खुशनुमा हो गया।
असाइनमेंट गुणवत्ता पर जोर
क्लासरूम का जायजा लेने के बाद जिलाधिकारी ने स्कूल के शिक्षकों को सख्त और मुफीद हिदायत दी। उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराई जाए। साथ ही, बच्चों की सलाहियत को परखने के लिए साप्ताहिक इम्तिहान का सिलसिला शुरू करने और स्कूल के भीतर एक बा-कायदा अनुशासित और मुस्तैद शैक्षणिक माहौल बनाए रखने पर जोर दिया ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।
उत्साह से लबरेज दिखा विद्यालय परिवार
एक बड़े अफसर का इस तरह बच्चों के बीच जमीन पर उतरकर पढ़ाना और उनकी हौसला-अफजाई करना, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए किसी इनामी सौगात से कम नहीं था। इस सरप्राइज विजिट से पूरे स्कूल परिवार में एक नया जोश है। स्कूल मैनेजमेंट ने जिलाधिकारी को यकीन दिलाया है कि उनके बताए हुए हर एक नुस्खे और तर्जुबे पर पूरी ईमानदारी से अमल किया जाएगा, ताकि कटिहार के इन नौनिहालों का भविष्य रोशन हो सके।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह