Bihar Crime: भीड़ तंत्र का नंगा नाच, बच्चा चोरी के शक में बुजुर्ग महिला को बनाया बलि का बकरा, सरेआम हुई दरिंदगी

Bihar Crime: एक बार फिर कानून के इकबाल को चुनौती देते हुए 'भीड़ तंत्र' ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है।

Bihar Crime: भीड़ तंत्र का नंगा नाच,  बच्चा चोरी के शक में ब
भीड़ तंत्र का नंगा नाच - फोटो : SOCIAL MEDIA

Katihar :  बिहार के कटिहार में एक बार फिर कानून के इकबाल को चुनौती देते हुए 'भीड़ तंत्र' ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। आजमनगर थाना क्षेत्र के खरसोटा गांव में बच्चा चोर होने के महज एक अफवाह ने इंसानों को दरिंदा बना दिया। एक मानसिक रूप से विक्षिप्त बुजुर्ग महिला को भीड़ ने बेरहमी से निशाना बनाया और इंसाफ के नाम पर सरेआम जुल्म की इंतहा कर दी।

वारदात की शुरुआत तब हुई जब गांव में किसी ने शोर मचा दिया कि एक संदिग्ध महिला बच्चों को अगवा करने की फिराक में है। देखते ही देखते यह झूठी खबर पूरे इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई। गांव के जज्बाती और गुमराह लोगों ने बिना किसी तहकीकात के उस लाचार बुजुर्ग महिला को घेर लिया।भीड़ ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए महिला पर कयामत ढा दी। उस बुजुर्ग महिला की चीख-पुकार सुनने वाला कोई न था। लोग उसे लात-घूसों और डंडों से पीटते रहे। महिला खुद को बेगुनाह बताने की कोशिश करती रही, लेकिन भीड़ के सर पर खून सवार था।

गनीमत रही कि वारदात की इत्तला मिलते ही आजमनगर थाना पुलिस हरकत में आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि भीड़ उस महिला की जान लेने पर आमादा थी। पुलिस के जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर जांबाजी दिखाई और उग्र भीड़ के चंगुल से महिला को बा-हिफाजत (सुरक्षित) बाहर निकाला। अगर पुलिस की पहुंचने में थोड़ी भी देरी होती, तो शायद आज यह खबर किसी की मौत का पैगाम होती।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला मानसिक रूप से बीमार  लग रही है। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस घिनौने जुर्म में शामिल चेहरों की पहचान की जा रही है। कानून की गिरफ्त से कोई भी दंगाई बच नहीं पाएगा।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह