Bihar Politics: सांसद तारिक अनवर का बड़ा धमाका, राम मंदिर चढ़ावा चोरी को बताया राष्ट्रीय मुद्दा, बोले-मंदिर किसी की बपौती नहीं

Bihar Politics: कटिहार से कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने राम मंदिर मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। ...

Katihar MP Tariq Anwar Calls Ram Temple Donation Row Nationa
सांसद तारिक अनवर का बड़ा धमाका- फोटो : reporter

Bihar Politics: कटिहार से कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने राम मंदिर मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राम मंदिर में हुए कथित चढ़ावा चोरी मामले पर बेबाक रुख अख्तियार करते हुए सांसद ने कहा कि यह कोई छोटा-मोटा मामला नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय मुद्दा बन चुका है।

सांसद ने जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रभु श्री राम से देश-दुनिया के करोड़ों लोगों की अगाध आस्था और विश्वास जुड़ा हुआ है। लेकिन इस पूरे घोटाले में सरकार अब तक असली गुनहगारों को बचा रही है। अब तक सिर्फ छोटी और कमजोर कड़ियों पर ही दिखावे की कार्रवाई हुई है, जबकि इस साजिश से जुड़े जो बड़े चेहरे हैं, उन तक जांच की आंच अभी तक नहीं पहुंची है। पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच होकर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

विपक्ष को इस मुद्दे पर बोलने के अधिकार से रोकने के सवाल पर तारिक अनवर ने बेहद सख्त लहजे में कहा कि राम मंदिर किसी की बपौती नहीं है। यह हर उस नागरिक का है जो भगवान राम में आस्था रखता है। सरकार विपक्ष के जायज सवालों का जवाब देने के बजाय उसकी आवाज दबाने की नापाक कोशिश कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस पूरी तरह से महागठबंधन के साथ एकजुट है। राजद  के उम्मीदवार की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में उतरेंगे।कोढ़ा इलाके से हाल ही में पाकिस्तानी आतंकवादियों की मदद करने के आरोप में पकड़े गए युवक की गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि देशद्रोह के मामले में जीरो टॉलरेंस होना चाहिए।देश की सुरक्षा और संप्रभुता से खिलवाड़ करने वाला चाहे कोई भी हो, बिना उसकी जाति, मजहब या धर्म देखे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को उस पर सख्त से सख्त 'विधि-सम्मत' कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। देशद्रोहियों का कोई धर्म नहीं होता।

कटिहार सांसद के इस कड़े तेवर और राम मंदिर पर दिए गए बयान के बाद सूबे की सियासत में एक बार फिर बयानों के तीर चलने तय माने जा रहे हैं, खासकर चढ़ावा चोरी को राष्ट्रीय मुद्दा बताए जाने पर बीजेपी खेमे में हलचल तेज हो गई है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह