Bihar Road Accident:कटिहार में मौत की रफ्तार, कटिहार NH-31 पर खून से सनी सड़क, 13 जिंदगियां खत्म,मातम में डूबे घर

Bihar Road Accident: कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में NH-31 पर हुआ खौफनाक हादसा इंसानियत को झकझोर देने वाला साबित हुआ।

Katihar Road Accident
13 जिंदगियां खत्म- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में NH-31 पर हुआ खौफनाक हादसा इंसानियत को झकझोर देने वाला साबित हुआ। शाम का वक्त, सड़क पर दौड़ती रफ्तार और फिर एक ऐसा ‘टक्कर का खेल’ जिसने पलभर में 13 लोगों की सांसें छीन लीं। बस और पिकअप वैन की सीधी भिड़ंत इतनी भीषण थी कि मौके पर ही लाशों का ढेर लग गया हर तरफ चीख-पुकार और खून से सनी सड़क का मंजर। इस हादसे की सबसे दर्दनाक सच्चाई यह है कि मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं थीं वो महिलाएं जो अपने घर की रीढ़ थीं, जिनके सहारे परिवार चलता था। अब उन्हीं घरों में सन्नाटा पसरा है, जहां कभी हंसी गूंजती थी। पूर्णिया के कई परिवारों की खुशियां इस हादसे ने हमेशा के लिए छीन लीं।

हादसे के बाद प्रशासनिक महकमा हरकत में आया। सदर अस्पताल में देर रात तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चली और फिर भारी दिल के साथ शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। जिला प्रशासन ने 13 मौतों की पुष्टि की, जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग जख्मी बताए जा रहे हैं कुछ की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, बस भागलपुर की ओर जा रही थी और शुरुआत से ही रफ्तार का खेल खतरनाक हो चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस कई बार अनियंत्रित हुई, यात्रियों ने ड्राइवर को चेताया भी, मगर समय की जल्दबाजी और खलासी के इशारे पर स्पीड और बढ़ा दी गई। यही लापरवाही आखिरकार मौत का कारण बन गई।

करीब शाम 6:30 बजे बस बासघरा के पास पिकअप से टकराई, फिर पोल से जा भिड़ी। इस बीच एक बाइक सवार भी इस ‘मौत के जाल’ में फंस गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद NH-31 पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया सड़क मानो खामोश गवाह बनकर खड़ी थी। पूर्व डिप्टी सीएम तार किशोर प्रसाद ने गहरी संवेदना जताई है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है आखिर कब थमेगी ये ‘रफ्तार की गुंडागर्दी’? कब सड़कें सुरक्षित होंगी? कटिहार का ये हादसा अब सिर्फ एक खबर नहीं, बल्कि लापरवाही की कीमत का खौफनाक सबक बन चुका है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह