Bihar Police : 25 हज़ार के इनामी कुख्यात अपराधी को कटिहार पुलिस ने किया गिरफ्तार, हत्या और लूट सहित दर्ज है कई मामले
KATIHAR : कटिहार के मनिहारी थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 25 हजार रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे वांछित कुख्यात अपराधी नथूनी यादव को पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। मामला 21 नवंबर 2025 की रात का है, जब मेघनीपुर गोंड़ी टोला निवासी विकास कुमार सिंह अपने साथियों के साथ मछली पकड़कर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बधार गुमटी के पास चार बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और हथियार के बल पर मोबाइल व नगदी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर पीड़ितों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। इस घटना को लेकर मनिहारी थाना में कांड संख्या 293/25 दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए मुख्य आरोपी नथूनी यादव को गिरफ्तार कर लिया। जिसका पुष्टि पुलिस अधीक्षक कटिहार ने की है ,पुलिस के अनुसार, नथूनी यादव का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में विभिन्न थानों में केस दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
श्याम की रिपोर्ट