Bihar News : कटिहार पुलिस ने करीब 40 लाख का स्मैक किया जब्त, मौके से कुख्यात तस्कर को किया गिरफ्तार
Bihar News : कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है.......पढ़िए आगे
KATIHAR : जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 408 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक शातिर तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 35 से 40 लाख रुपये आंकी गई है।
शिवमंदिर चौक के पास घेराबंदी कर दबोचा
कटिहार एसपी परिचय कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक भारी मात्रा में स्मैक की खेप लेकर समेली शिवमंदिर चौक की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, जिसे जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर धर दबोचा।
तलाशी में भारी मात्रा में स्मैक बरामद
पकड़े गए युवक की विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से 408 ग्राम स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ और मोबाइल को तुरंत जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खगड़िया जिले के निवासी सत्यम कुमार के रूप में की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
एसपी ने बताया कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे स्थानीय स्तर पर किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसके पूरे फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहन जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर स्मैक तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क और गिरोह के सदस्यों की पहचान करने में जुटी है।
श्याम की रिपोर्ट