Bihar News: कटिहार स्टेशन पर खाकी बनी फरिश्ता, महिला RPF जवानों ने प्लेटफॉर्म पर कराई सुरक्षित डिलीवरी, गूंज उठा-वाह पुलिस वाली दीदी

Bihar News: जहां अक्सर वर्दी वालों की बेरुखी सुर्खियां बनती है, वहीं बिहार के कटिहार जंक्शन से खाकी का ऐसा इंसानी चेहरा सामने आया है जिसने हर किसी का दिल जीत लिया।

Katihar Station RPF Women Constables Help Safe Delivery on P
कटिहार स्टेशन पर खाकी बनी फरिश्ता- फोटो : reporter

Bihar News: जहां अक्सर वर्दी वालों की बेरुखी सुर्खियां बनती है, वहीं बिहार के कटिहार जंक्शन से खाकी का ऐसा इंसानी चेहरा सामने आया है जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। कटिहार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर महिला आरपीएफ जवानों ने वक्त रहते ऐसा काम किया कि लोग उन्हें अब “फरिश्ता” कहकर सलाम कर रहे हैं।

दरअसल मुंबई से कटिहार आ रही लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस जैसे ही स्टेशन पहुंची, एक महिला यात्री प्रसव पीड़ा से तड़पती हुई नजर आई। हालात इतने नाजुक थे कि उसे अस्पताल ले जाने का मौका तक नहीं मिल पाया।स्टेशन पर तैनात आरपीएफ सब इंस्पेक्टर मुक्तिशील और महिला कांस्टेबल कुमारी विमलेश ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाल लिया। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था, लेकिन दोनों महिला पुलिसकर्मियों ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए प्लेटफॉर्म पर ही कपड़ों से घेरा बनाया और महिला की सुरक्षित डिलीवरी करवाई।

बताया जा रहा है कि डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही महिला कांस्टेबल ने पूरी जिम्मेदारी अपने हाथ में ले ली और हालात को संभाल लिया। कुछ ही देर में महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। बाद में जच्चा और बच्चा दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

इस पूरी घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद लोग भावुक हो गए। हर कोई महिला आरपीएफ जवानों की तारीफ करता नजर आया। सोशल मीडिया पर भी लोग कह रहे हैं ऐसी पुलिस पर गर्व है, सच में पुलिस वाली दीदी फरिश्ता बनकर आईं।

कटिहार में अब इन दोनों महिला आरपीएफ कर्मियों की बहादुरी, संवेदनशीलता और इंसानियत की जमकर चर्चा हो रही है। यह घटना सिर्फ एक ड्यूटी नहीं, बल्कि मानवता की मिसाल बन गई है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह