Bihar Road Accident: कटिहार में मौत का पहिया, हाईवा के नीचे कुचलकर युवक की दर्दनाक मौत, CCTV से उठे कई सवाल

Bihar Road Accident:एक तेज रफ्तार हाईवा वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

Katihar tragedy youth crushed under truck
युवक की दर्दनाक मौत- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: एक तेज रफ्तार हाईवा वाहन की चपेट में आने से 38 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद जहां अफरा-तफरी मच गई, वहीं चालक मौके से फरार हो गया।कटिहार के नगर थाना क्षेत्र स्थित शहीद चौक पर सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। 

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

इस बीच, घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है। वीडियो में दिख रहा है कि हाईवा धीरे-धीरे शहीद चौक पार कर रहा था, तभी अचानक मृतक पीछे के टायर की ओर जाता नजर आता है और उसकी चपेट में आ जाता है। अब सवाल उठ रहे हैं क्या यह हादसा था, किसी ने धक्का दिया या फिर आत्महत्या? पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक की पहचान उसके पास मिले वॉलेट से हुई है। वोटर आईडी कार्ड के आधार पर उसकी पहचान अलीपुरद्वार निवासी राजेश खेरिया के रूप में की गई। तलाशी के दौरान पासपोर्ट साइज फोटो और कुछ मोबाइल नंबर भी बरामद हुए, जिनके जरिए पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की जिंदगी पहले से ही परेशानियों से घिरी थी माता-पिता का निधन हो चुका था, पत्नी भी छोड़कर जा चुकी थी। परिवार में एक बेटी है जो पढ़ाई के लिए बाहर है और एक भाई काम पर गया हुआ था। इस हादसे ने एक और परिवार को उजाड़ दिया।

बता दें कि कटिहार में हाल के दिनों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। अप्रैल महीने में कई बड़ी घटनाओं में दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है। शहीद चौक की इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह