Katihar police bribe: 200 रुपये में बिक गया ईमान, वीडियो वायरल होने पर होमगार्ड गिरफ्तार, पुलिस अफसर फरार
Katihar police bribe: कटिहार के अमर जवान चौक पर 200 रुपये की अवैध वसूली का वीडियो वायरल हो गया है। इस मामले में होमगार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं पुलिस अफसर फरार है।
Katihar police bribe: कटिहार में महज 200 रुपये के लिए यातायात पुलिस और होमगार्ड का ईमान बिक गया। बिना हेलमेट बाइक चलाने पर जहां 6 हजार रुपये का चालान बनना था, वहीं यह मामला सिर्फ 200 रुपये में निपटा दिया गया। लेकिन यह पूरी घटना वीडियो में रिकॉर्ड हो गई, जो अब संबंधित पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है।
इस मामले में होमगार्ड जवान शंभू दास को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पुलिस पदाधिकारी हरि प्रकाश फरार बताए जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि महज एक महीने पहले ही एसपी शिखर चौधरी ने वाहन जांच में अच्छे काम के लिए पुअनि हरि प्रकाश को सम्मानित किया था।
वसूली की रकम चाय दुकान में जमा कराई
यह घटना अमर जवान चौक की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक बाइक चालक को बिना हेलमेट पकड़ा गया। पुलिस पदाधिकारी उसे बताते हैं कि ड्राइविंग लाइसेंस का 5 हजार और प्रदूषण का 1 हजार रुपये का चालान बनेगा। इसके बाद होमगार्ड जवान बाइक चालक से बात करता है और आखिरकार 200 रुपये में मामला तय हो जाता है। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि वसूली की रकम पास की चाय दुकान में जमा कराई जा रही है। यही चाय दुकान अवैध वसूली का अड्डा बनी हुई थी।
मामले पर एसपी ने तुरंत संज्ञान लिया
वीडियो सामने आने के बाद एसपी ने तुरंत संज्ञान लिया और मामले की जांच का जिम्मा यातायात डीएसपी सद्दाम हुसैन को सौंपा गया। जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद सहायक थाना में दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। यातायात डीएसपी ने बताया कि होमगार्ड जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार पुलिस पदाधिकारी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि दोषी चाहे किसी भी पद पर क्यों न हो, कानून से ऊपर नहीं है और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।