Bihar News:खेत बना मौत का जाल, करंट से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, चार बच्चे हुए अनाथ
Bihar News: दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक मामूली काम ने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी। ....
Bihar News: दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक मामूली काम ने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी। कटिहार मनिहारी थाना क्षेत्र के नारायणपुर पंचायत स्थित चिकनी गांव में खेत में पानी पटाने गए पति-पत्नी की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि रंजन ठाकुर और उनकी पत्नी रंजना देवी रोजमर्रा की तरह अपने खेत में सिंचाई के लिए गए थे। इसी दौरान खेत में फैले बिजली के तार उनकी नजर से चूक गए और दोनों उसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि दोनों मौके पर ही बेसुध हो गए।
परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को मनिहारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक ही पल में दो जिंदगियां बुझ जाने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
इस दर्दनाक हादसे ने सबसे ज्यादा असर उनके चार मासूम बच्चों पर डाला है, जिनके सिर से अब माता-पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। गांव में हर कोई इस घटना से स्तब्ध है और परिवार के प्रति संवेदना जता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में खुले बिजली तार और लापरवाही इस तरह की घटनाओं को न्योता देती हैं। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसी खतरनाक स्थिति के लिए जिम्मेदार कौन है और कब तक ऐसी लापरवाही लोगों की जान लेती रहेगी
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह